
राजस्थान में कहर बनी कोरोना की लहर:इस महामारी से 14 महीनों में 6,934 लोगों ने जान गंवाई, इनमें से 39% की मौत बीते 17 दिनों में ही हुई







राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर बहुत घातक साबित हो रही है। इस साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप शुरू हुआ और तब से संक्रमित केसेज के साथ मौत की रफ्तार भी तेज हो रही है। राज्य में मार्च 2020 से 17 मई 2021 तक इस महामारी से 6,934 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 2,695, यानी करीब 39% ने बीते 17 दिनों में ही जान गंवाई है।
सबसे ज्यादा मौतें जयपुर जिले में
राज्य में सबसे अधिक मौत वाले पांच जिले जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर और कोटा हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 815 मौतें जयपुर में हुई हैं। बाकी 4 जिलों में 857 लोगों ने जान गंवाई है।
जिला | अब तक कुल मौत | अप्रैल 2021 | 17 मई तक |
जयपुर | 1578 | 241 | 815 |
जोधपुर | 952 | 290 | 354 |
उदयपुर | 534 | 156 | 248 |
बीकानेर | 394 | 70 | 157 |
कोटा | 378 | 111 | 98 |
मई में सीकर और अलवर में भी 100 से ज्यादा मौत
राज्य में मई के 17 दिनों में सीकर में 126 और अलवर में 103 लोगों की मौत हुई हैं। वहीं, 7 जिले ऐसे है, जहां 50 से 100 के बीच मौत हुई हैं। इनमें कोटा, अजमेर, पाली, झालावाड़, बारां, भीलवाड़ा और भरतपुर शामिल हैं।
इन जिलों में हुई सबसे कम मौत
जिला | अब तक कुल मौत | अप्रैल 2021 | 17 मई तक |
जैसलमेर | 34 | 1 | 8 |
धौलपुर | 40 | 3 | 8 |
बूंदी | 33 | 8 | 6 |
बारां | 50 | 8 | 6 |
प्रतापगढ़ | 40 | 7 | 9 |
वैक्सीनेशन भी हुआ प्रभावित
अरब सागर से उठे ताऊ ते तूफान के कारण राज्य के ज्यादातर शहरों और गांवों में मंगलवार सुबह बारिश हुई। इसकी वजह से वैक्सीनेशन पर भी असर पड़ा। यहां वैक्सीन सेंटर तो खुले, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से लोग नहीं पहुंचे। दोपहर बाद वैक्सीन लगवाने वालों का आना शुरू हुआ। पूरे प्रदेश में 1,450 से ज्यादा साइट्स पर वैक्सीनेशन हो रहा है। जयपुर जिले में लगभग 150 साइट्स पर टीका लगाया जा रहा है।


