
हरियाणा में कोरोना जेल ब्रेक:रेवाड़ी में कोविड जेल से 13 कैदी फरार, गंभीर अपराधों में सजा काट रहे थे







हरियाणा के रेवाड़ी में शनिवार देर रात 13 कोरोना संक्रमित कैदी कोविड जेल से फरार हो गए। रविवार सुबह कैदियों की गिनती के दौरान जेल ब्रेक का पता चला। सभी कैदी कोरोना पॉजिटिव होने के बाद प्रदेश की दूसरी जेलों से यहां लाए गए थे। जिले के एसपी अभिषेक जोरवाल ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, रेवाड़ी की फिदेड़ी जेल को सप्ताहभर पहले कोविड जेल बना दिया गया था। इस जेल में प्रदेशभर की जेलों से शिफ्ट करके करीब 450 कोरोना संक्रमित बंदियों को रखा गया है। शनिवार रात यहां एक ही बैरक में बंद 13 बंदी ग्रिल काटकर बाहर निकल गए। फिर चादर की रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांदकर भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने बताया कि जेल में निर्माण कार्य चल रहा था और बाहरी दीवार पूरी तरह से बनी नहीं थी। भागने वाले कैदियों में कुछ हत्या, डकैती और धारा 307 के अपराधी हैं। जिलेभर में फरार कैदियों की खोजबीन जारी है। आसपास के गांवों में भी सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
गंभीर अपराधों में सजा काट रहे थे भागने वाले कैदी
भागने वाले कैदियों में से राजेश उर्फ कालिया के खिलाफ नारनौल थाना सदर में हत्या का केस दर्ज है। नवीन शर्मा उर्फ गोलू रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने में बंधक बनाने और हत्या का केस दर्ज है। रेवाड़ी थाना सिटी में 379-A में नामजद काला उर्फ धर्मपाल, रामपुरा में हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं में नामजद रिंकू उर्फ कालिया, बावल में हत्या के मामले में नामजद ओमप्रकाश उर्फ टोनी, महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली में हत्या और अन्य मामलों में नामजद शक्ति, आशीष और अजीत उर्फ नेता भी भाग गए। इनके अलावा जितेंद्र उर्फ सोनू के खिलाफ मंडी अटेली में, अभिषेक और अनुज पर थाना सदर नारनौल में, बलवान पर महेंद्रगढ़ के थाना सिटी में और दीपक के खिलाफ नारनौल सिटी में हत्या और दूसरे संगीन मामले दर्ज हैं।


