Gold Silver

कांग्रेस नेता की गला काटकर हत्या, छत पर खून में सने मिले

बाड़मेर। अपने फार्म हाउस पर सो रहे पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता की बदमाशों ने गला काटकर हत्या कर दी गई। मामला बाड़मेर, सिवाना थाने के मिठौड़ा गांव का है।
बताया जा रहा है कि आम सिंह रात के समय अकेले ही सो रहे थे। मंगलवार सुबह उनका बेटा घर से चाय लेकर पहुंचा तो वह छत पर खून में सने पड़े थे। आसपास फर्श पर भी खून फैला था। बेटे ने ही रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। एएसपी सुभाष खोजा, डीएसपी पचपदरा, बालोतरा ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
एएसपी सुभाषचंद्र खोजा ने बताया कि मिठौड़ा गांव निवासी आम सिंह(68) पादरू-मिठौड़ा रोड स्थित अपने फॉर्म हाउस पर सो रहे थे। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाश आए और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान गला कटने से उनकी मौत हो गई। सुबह करीब 5 बजे हमें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद डीएसपी और सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार हमलावारों ने धारदार हथियार से आम सिंह के सिर और गले पर वार किए। गला कट जाने से उनकी मौत हो गई। छत पर जगह-जगह खून के धब्बे थे और लहूलुहान हालात में शव छत पर उल्टा पड़ा मिला था।
जानकारी के अनुसार, मृतक आमसिंह की पत्नी का दो साल पहले देहांत हो गया था। वहीं उनके दोनों बेटे मालसिंह और गणपतसिंह खेती-बाड़ी का काम देखते हैं।
मृतक के चार-पांच बेरे हैं। वे कभी फार्म हाउस तो कभी घर पर सोते थे। ऐसे में चाय-पानी घर से ही आता था। बताया गया है कि मृतक आमसिह के गले में सोने की चेन पहनी हुई थी, जो घटना के बाद गायब है। पुलिस की टीमें अलग-अलग एंगल से जानकारी जुटा रही हैं।
सरपंच है बहू
आम सिंह के बड़े बेटे की पत्नी वर्तमान में मिठौड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच है। आम सिंह खुद भी उप प्रधान, सरपंच और जिला परिषद सदस्य रह चुके थे। फिलहाल खेती-बाड़ी का काम करते थे। फार्म हाउस से करीब दो किलोमीटर दूर ही उनका घर है, पूरा परिवार वहीं पर रहता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आपसी रंजिश को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता थे
राजस्थान एससी आयोग के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सिवाना विधायक गोपाराम मेघवाल के मुताबिक ओम सिंह 1988 से 1991 तक सिवाना के उप प्रधान रहे थे। 1995 से 2000 तक मिठौड़ा के सरपंच और 2000 से 2005 तक जिला परिषद सदस्य रहे। वह कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता थे, उनकी हत्या से पूरे जिले में शोक की लहर है।
धरने पर बैठे परिजन
सनसनीखेज मर्डर की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। वहीं, परिजन और आस-पास के ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए
और तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।

Join Whatsapp 26