
एक महीने बाद तय होगा कांग्रेस शहर व देहात अध्यक्ष, जिलों के बाद प्रदेश स्तर पर होगा बदलाव, देखे वीडियों





एक महीने बाद तय होगा कांग्रेस शहर व देहात अध्यक्ष, जिलों के बाद प्रदेश स्तर पर होगा बदलाव, देखे वीडियों
बीकानेर। कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक राजेश लीलोठिया ने कहा है कि पार्टी में फिलहाल जिला स्तर पर परिवर्तन किया जा रहा है, बाद में राज्य स्तर पर भी बदलाव की तैयारी है।
लीलोठिया यहां शहर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बीकानेर में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर के संबंध में कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस सरकार मुफ्त इलाज कर रही थी और भाजपा सरकार इलाज पर सवाल उठाने वालों को जेल में डाल रही है।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर संगठनों को सक्रिय करने का काम चल रहा है। योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद पार्टी में ग्राम पंचायत स्तर पर भी परिवर्तन होंगे और ये काम राज्य तक जाएगा। उन्होंने साफ संकेत दिए कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की कार्रवाई भी इसी तरह होगी।
जिसकी जितनी संख्या, उसको उतना प्रतिनिधित्व
लीलोठिया ने कहा कि राहुल गांधी का स्पष्ट विचार है कि जहां जिसकी जितनी संख्या है, उसे वहां उतना प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। ये विचार संगठन को मजबूत करने के साथ ही आम कार्यकर्ता को उसका अधिकार दिलाने का भी है।
एक महीने में तय होगा शहर व देहात अध्यक्ष
बीकानेर में शहर और देहात अध्यक्ष के लिए बड़ी संख्या में नामांकन आए हैं। इसमें भी संख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व मिलेगा। जो नाम बेहतर होंगे, उन्हें आगे लीडरशिप के समक्ष रखा जाएगा। नए अध्यक्ष की घोषणा में करीब एक महीना लग जाएगा। सभी नामों पर सेंट्रल लीडरशिप विचार करेगी। जो अध्यक्ष नहीं बन सकेंगे, उन्हें निराश नहीं होना है। पार्टी में एक ही अध्यक्ष होता है लेकिन अन्य संगठनों में भी प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।

