
दो दिन मौसम सर्द, फिर गर्मी पकड़ेगी रफ्तार





जयपुर। प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण की आशंका फिलहाल बनी हुई है लेकिन इसके साथ ही अब अगले दो दिन बाद मौसम में गर्माहट बढऩे के संकेत मौसम विभाग जता रहा है। माना जा रहा है कि चक्रवाती तंत्र के असर से राजधानी दिल्ली समेत पंजाब,हरियाणा, हिमाचल प्रदेश,चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के उत्तर पश्चिमी इलाकों समेत प्रदेश के नौ जिलों में अगले 48 घंटे में कही बारिश तो कहीं ओलावृष्टि होने की आशंका है। जिसके कारण अगले दो दिन प्रदेश के उत्तर पश्चिमी और पूर्व के कुछ जिलों में मौसम का मिजाज सर्द रहने वाला है। हालांकि इसके बाद पारे में बढ़ोतरी के साथ ही प्रदेश में गर्मी की रफ्तार बढऩे की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय तराई क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राज्यों में मौसम के मिजाज में फिर से बदलाव हो रहा है। हालांकि विक्षोभ का असर उत्तरी राज्यों में सर्वाधिक रहने की आशंका है। लेकिन विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में उच्च वायुदाब क्षेत्र बनने पर चक्रवाती तंत्र सक्रिय होने की आशंका है। ऐसे में अगले दो दिन प्रदेश् के बीकानेर,चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर,अलवर,दौसा और भरतपुर जिलों में एक दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ 30—40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने पर मौसम शुष्क रहा। वहीं बीती रात पुरवाई हवा के असर से पारे में आंशिक बढ़ोतरी के बावजूद मौसम सर्द रहा। राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह छह बजे अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ लेकिन सुबह करीब नौ किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से बही पुरवाई हवा के असर से धूप की तपिश कम रही है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व तेज गति से सतही हवा चलने की संभावना है।
बीती रात प्रदेश का न्यूनतम तापमान
माउंट आबू— 12
सीकर— 16.5
डबोक— 17.1
चित्तौडग़ढ़— 17.1
श्रीगंगानगर— 18.3
चूरू— 19.1
जयपुर— 19.8
बूंदी— 19.8
अजमेर— 20
कोटा— 20.4
बाड़मेर— 21
जोधपुर— 21.2
बीकानेर— 22.1
जैसलमेर— 23.4
फलोदी— 26


