[t4b-ticker]

बदलेगा मौसम, पड़ेगी कंपकंपाने वाली ठंड, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट

बदलेगा मौसम, पड़ेगी कंपकंपाने वाली ठंड, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट

बीकानेर। सर्दी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। विभाग के अनुसार मौसम बदलने वाला है और कंपकंपाने वाली ठंड शुरू होने वाली है। फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र में रविवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम स्तर है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार सीकर जिले में दो दिन शीतलहर की संभावना है। उतरी नम हवाओं के चलने से इस दौरान सर्दी का असर कायम रहेगा। मौसम साफ रहने से इस दौरान न्यूनतम तापमान में कमी भी आ सकती है। हालांकि तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं है। बीकानेर में भी सर्दी का असर अब रातों में महसूस होने लगा है। सीजन में पहली बार शनिवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन का तापमान लगभग स्थिर है और तेज धूप निकल रही है, लेकिन रात में तेजी से ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

रविवार सुबह हल्की धूप रही, जिससे लोग देर तक धूप सेकते नजर आए। दोपहर बढ़ने पर धूप तीखी हो गई और लोग छांव में लौट आए। शाम ढलते ही हल्की ठंड महसूस होने लगी। सर्दी बढ़ने के साथ लोगों ने हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। पंखों की गति धीमी कर दी और घरों में रजाइयां निकाल ली गईं। कई स्थानों पर रात में धूणे भी जलाए जाने लगे। रविवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री रहा, जो शनिवार जितना ही था। वहीं न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि एक दिन पहले यह 13.6 डिग्री था।

Join Whatsapp