
सास के कहने पर ऐसे की थी दामाद की हत्या , चार साल पहले हुआ था प्रेम विवाह






जोधपुर। गरीब दामाद के रहन-सहन के कारण सास द्वारा हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सास ने अपने दामाद विनोद की हत्या करने की सुपारी जिसे दी थी। वह जब्बर सिंह राजपुरोहित तांत्रिक का काम भी करता है। पुलिस ने बताया कि तांत्रिक जब्बर सिंह ने विनोद को अपनी बातों से वश में कर लिया था। इसके बाद कहा कि उसके घर की परेशानी उसमें बसी किसी आत्मा की वजह से है। वह उस आत्मा को निकाल देगा। इसके लिए उसे खूब शराब पीनी होगी। इसके लिए विनोद राजी हो गया। जब्बर सिंह की दुकान पर चला गया।
विनोद उसकी दुकान पहुंचा तो उसने उसे खूब शराब पिलाई। फिर हाथ में नारियल देकर गर्दन झुका कर बैठने को कहा। इस पर विनोद उसके कहे अनुसार बैठ गया। तब उसने पेचकस से वार किया। दुकान में मौजूद सिलाई के काम में आने वाला चौड़े इलास्टिक से उसकी गर्दन को कस कर गला घोट कर मार दिया।
जब्बर सिंह का सहयोगी धनराज गोस्वामी भी उसके घर में शांति के लिए उपाय करवाने आता था। तब से वह जब्बर सिंह का चेला बन गया। उस दिन भी उसने धनराज को बुलाया। उसने इस काम में उसका सहयोग दिया। चूंकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए वाहन चाहिए था। धनराज किराए की टैक्सी चलाता था। ऐसे में उसे भी जब्बर सिह ने बुलाया तीनों ने साथ शराब पी।
नहीं मिले इन सवालों के जवाब
मंडोर थानाधिकारी सुरेश सोनी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बॉडी का चेहरा कैसे नष्ट किया गया? आरोपी जब्बर सिंह हर बार अपनी बात बदल कर कह रहा है। कभी कैची से नौचने तो कभी एसिड फैकने की बात कह रहा है। अनुमान यह भी लगाया गया कि कुत्तों ने नौचा होगा, लेकिन जांच में ना तो कुत्तों की खरोंच के निशान पाए गए और ना ही एसिड से जले के। अभी इन्वेस्टिगेशन जारी है।
पांच लाख देने का वादा किया था
सास ग्यारसी देवी ने आरोपी जब्बर सिंह को ढाई लाख ब्याज पर दे रखे थे। उसने उसे वापस नहीं लेने की बात कही थी। साथ ही उसका कोई प्लॉट था। उसे बेच कर बाकि रकम अदा करने का वादा किया था।
4 दिन पुलिस रिमांड पर आरोपी
मामले के आरोपी ग्यारसी देवी, जब्बर सिंह और धनराज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। ग्यासरी देवी को एक दिन की पीसी मिली है। दोनों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर रखा जाएगा।
यह है मामला
जोधपुर के अंगनवा रोड नारायण पैलेस के आगे रविवार 1 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति की प्लास्टिक के कट्टे में बंद लाश मिली। जिसका सिर व चेहरे को पूरी तरह नष्ट किया हुआ था। जोधपुर पुलिस ने 3 दिन में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया। मृतक की शिनाख़्त कर हत्यारों के जरिए पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतक की सास को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान मगजी की घाटी निवासी विनोद के रूप में हुई थी। विनोद ने चार साल पहले ग्यारसी देवी की इकलौती बेटी से प्रेम विवाह किया था। ग्यारसी देवी के पति MES से रिटायर्ड है और उनका निधन हो चुका है। इग्यारसी देवी को अच्छी पेंशन मिलती है और दुकानों का किराया भी आता है। दामाद मजदूरी का काम करता था। ऐसे में उसका निम्न रहन सहन से सास नाखुश थी। बेटी के गर्भवती होकर पीहर आने के बाद वह दामाद से पीछा छुड़ाना चाहती थी।


