
बीकानेर: आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपया, अब वेतन-पेंशन के भी पड़ रहे टोटे





बीकानेर। नगर विकास न्यास आर्थिक संकट से जूझ रहा है। न्यास के खाते में जमा राशि से कई गुना अधिक वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी करने से न्यास का बजट गड़बड़ा रहा है। खर्च में कटौती के लिए न्यास जहां प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके मूल विभागों में भेजने का मानस बना चुका है, वहीं नए कार्यों के लिए स्वीकृतियां जारी करने से भी बच रहा है। जो कार्य चल रहे है व पूर्ण हो चुके है, उनके ठेकेदारों को भी भुगतान करने की चिंता भी न्यास अधिकारियों को सता रही है। न्यास जानकारों की माने तो न्यास को जितनी आय हो रही है, उससे कई गुना अधिक राशि हर महीने खर्च हो रही है। इससे न्यास की जमा राशि भी धीरे-धीरे कम हो रही है। न्यास अपने खाते में जमा राशि से कई गुना अधिक कार्यों की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वकृतियां जारी कर चुका है। आगामी समय में न्यास को इन कार्यों का भुगतान भी करना है। बताया जा रहा है कि न्यास करीब 50 करोड की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी कर चुका है। सरकार को लीज मनी के 10 करोड़ रुपए भी चुकाने की बात कही जा रही है। न्यास सचिव के अनुसार न्यास में वर्तमान में करीब सौ अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत है। न्यास हर महीने अधिकारियों-कर्मचारियों के मासिक वेतन-पेंशन के रुप में करीब डेढ़ करोड़ रूपए का भुगतान करता है।


