आज जसरासर आएंगे मुख्यमंत्री, 28 मंत्री और साठ विधायक आएंगे डूडी के शक्ति प्रदर्शन में - Khulasa Online आज जसरासर आएंगे मुख्यमंत्री, 28 मंत्री और साठ विधायक आएंगे डूडी के शक्ति प्रदर्शन में - Khulasa Online

आज जसरासर आएंगे मुख्यमंत्री, 28 मंत्री और साठ विधायक आएंगे डूडी के शक्ति प्रदर्शन में

बीकानेर। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी बुधवार को नोखा विधानसभा क्षेत्र के जसरासर गांव में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। यहां एक मूर्ति अनावरण समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ ही 28 मंत्रियों और साठ से ज्यादा विधायकों के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। गांव के मैदान में लंबा चौड़ा टैंट लगाया गया है। उधर, मंगलवार देर रात खाना बनाते समय सिलेंडर लीक से यहां मामूली आग लग गई, हालांकि वहां खड़ी दमकल ने तुरंत बुझा दिया।

राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्री डवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने विधानसभा चुनावों से ठीक शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। डूडी के इस आयोजन में सचिन पायलट नहीं होंगे। नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उनकी तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के साथ खूब जमी थी। पिछले विधानसभा चुनाव में भी दोनों ने साथ में प्रचार किया था। डूडी की मुख्यमंत्री गहलोत से नाराजगी भी जगजाहिर रही। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव के दौरान तो दोनों खुलकर आमने सामने आए थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी है। इस आयोजन के केंद्र में मुख्यमंत्री गहलोत को ही रखा गया है, जबकि पायलट इसमें शामिल नहीं होंगे।

पिछले दिनों स्वयं रामेश्वर डूडी घोषणा कर चुके हैं कि वो नोखा से ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में बुधवार को होने वाले शक्ति प्रदर्शन को चुनावी शंखनाद माना जा रहा है। पिछले चुनाव में डूडी नोखा से ही भाजपा के बिहारीलाल बिश्नोई से चुनाव हार गए थे। अगर डूडी चुनाव जीत जाते तो बड़े राजनीतिक पद के हकदार होते।

डूडी समर्थकों का दावा है कि जसरासर में अब तक की सबसे बड़ी भीड़ पहुंचने वाली है। यहां सिर्फ नोखा या बीकानेर नहीं बल्कि प्रदेशभर से किसानों को आमंत्रित किया गया है। बीकानेर के लगभग गांवों में पहुंचकर लोगों को आमंत्रित किया गया है। आने-जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। करीब नौ सौ फीट में टैंट लगाया गया है। गर्मी से बचने के लिए पंखों व कूलर तक की व्यवस्था की गई है। वीआईपी मेहमानों के लिए एसी तक लगाए गए हैं।

 

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26