
चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर CBI के छापे: अश्लील वीडियो के इस नेटवर्क के तार 100 देशों से जुड़े






बच्चों के अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें शेयर करने के मामले में CBI मंगलवार को देश के 14 राज्यों में 77 शहरों में ताबड़तोड़ छापे मारे। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान देर रात तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुष्ट सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मिले गैजेट्स और अन्य सबूतों से इस चाइल्ड पोर्नोग्राफी का नेटवर्क 100 देशों तक फैले होने की जानकारी मिली है।
CBI प्रवक्ता आरसी जोशी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की और बताया कि 14 नवंबर को इस मामले में 83 आरोपियों के खिलाफ 23 नामजद मुकदमे दर्ज किए गए थे। हिरासत में लिए गए 10 लोगों से पूछताछ की जा रही है। इनकी देर रात तक गिरफ्तारी हो सकती है। इनकी संख्या भी बढ़ सकती है।
MP, UP, राजस्थान और गुजरात भी शामिल
आज सुबह से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर लोगों के घरों में छापा मारा गया है। सूत्रों के मुताबिक, मध्यप्रदेश के 3 बड़े शहरों में भी छापामारी की जा रही है।


