
हेरिटेज वॉक से होगा ऊंट उत्सव का आगाज, जाने क्या रहेगा कार्यक्रम







हेरिटेज वॉक से होगा ऊंट उत्सव का आगाज, जाने क्या रहेगा कार्यक्रम
बीकानेर। अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज 12 जनवरी से होगा। पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार हेरिटेज वॉक के साथ उत्सव का आगाज होगा। उत्सव को खास बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से इस बार भी कई नवाचार किए जा रहे हैं। उत्सव का आयोजन पहली बार धरणीधर मैदान में भी होगा। उत्सव को लेकर विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार का उत्सव आइकन्स ऑफ बीकानेर की थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय कला, संगीत और संस्कृति में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले कलाकारों को एक वैश्विक मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। उत्सव में शामिल होने के लिए विभाग की ओर से निमंत्रण पत्र भी भेजे जाएंगे। पर्यटन विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 जनवरीको सुबह 9 बजे रामपुरिया हवेली से बीकाजी टेकरी तक हेरिटेज वॉक होगी। इसमें रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजन होगी। इसी दिन दोपहर 2 बजे से लक्ष्मी निवास से तीर्थंभ तक बीकानेर कार्निवल होगा। शाम को 7 बजे से धरणीधर मैदान में फैशन शो, राजस्थानी लाफ्टर शो, क्लासिकल म्यूजिक और डांस शो, आइकन्स ऑफ बीकानेर कार्यक्रम होगा। 13 जनवरी को उत्सव की शुरुआत ऊंट नृत्य के साथ होगी। सुबह 10 से 3 बजे तक उष्ट्र अनुसंधान केंद्र में ऊंट नृत्य, फर कटिंग, शृंगार, ऊंट दौड़, हॉर्स शो और लाफ्टर शो होगा। शाम 4 से 7 बजे तक करणी सिंह स्टेडियम में विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। ऊंट उत्सव का समापन रायसर के धोरों में होगा। अंतिम दिन भी कई कार्यक्रम यहां पर होंगे। सुबह 9 से रात 10 बजे तक कार्यक्रम होंगे। जिसमें टग ऑफ वार, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, मटका दौड़, घोड़ा दौड़, कैमल सफारी और अंत में सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा। पिछले साल से ही रायसर में ऊंट उत्सव का आयोजन शुरू हुआ था।

