
शौक पूरे करने के लिए बॉयफ्रेंड को लगाया 33 लाख का चूना, कभी दिल में छेद का उपचार तो कभी होटल-फ्लाइट टिकट के बहाने ऐंठे पैसे




शौक पूरे करने के लिए बॉयफ्रेंड को लगाया 33 लाख का चूना, कभी दिल में छेद का उपचार तो कभी होटल-फ्लाइट टिकट के बहाने ऐंठे पैसे
जोधपुर. अपने शौक-मौज पूरे करने के लिए बॉयफ्रेंड बनाकर उसे कभी दिल में छेद का उपचार कराने तो कभी होटल, फ्लाइट टिकट या अन्य बहानों से 33 लाख रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। कुछ ऐसे ही आरोप लगाते हुए मूलतया जोधपुर हाल मुंबई निवासी युवक ने महामंदिर निवासी युवती के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया। महामंदिर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के जैन स्कूल के पास धडाबास हाल मुंबई निवासी अमित पुत्र राजेंद्र माली की ओर से रिपोर्ट देकर बताया कि वह मुंबई में प्राइवेट जॉब करता है।
करीब चार साल पहले उसकी मुलाकात महामंदिर वेदों का बास निवासी रिया संचेती से हुई थी, जो अपनी एजुकेशन व ऑनलाइन फाॅर्म भरवाने के लिए परिवादी के पास आती रहती थी। कंप्यूटर कार्य की वजह से वह परिवादी के घर भी आती-जाती थी। इसी दौरान उसने अमित के मोबाइल नंबर भी ले लिए और सोशल मीडिया पर भी संपर्क में रहने लगी।
जोधपुर में रहते हुए रिया ने उसे मिलने के लिए एक रेस्टोरेंट में भी बुलाया। वहां उसने शादी की इच्छा जाहिर की, लेकिन परिवादी ने उसे समझाया कि इसके लिए दोनों के घरवाले राजी नहीं होंगे। 14 फरवरी 2016 को रिया ने परिवादी के घर पहुंचकर शादी के लिए प्रपोज किया। फिर अमित वापस मुंबई चला गया, तो भी दोनों संपर्क में रहे।
कुछ समय बाद रिया ने इंटीरियर डेकोरेशन का कोर्स करने के लिए मुंबई घाटकोपर गरोडिया कॉलेज में एडमिशन लिया। पिता के साथ वह मुंबई आई और पीजी में रहने की व्यवस्था की। जबकि, अमित माली समाज की धर्मशाला में रहता था। रिया ने उससे पीजी में नहीं रहकर अमित के साथ होटल में रहने को कहा। काफी समय तक दोनों अलग-अलग छह होटलों में रहे, जहां रिया ने खुद को अमित की पत्नी बताया।
होटलों में 2.13 लाख, तो फ्लैट का 26.23 लाख का खर्चा भी परिवादी से
रिपोर्ट के अनुसार इन छह अलग-अलग होटलों में रहते हुए रूम रेंट, खाना-पीना, कपड़े इत्यादि पर 2 लाख 13 हजार 268 रुपए का खर्चा भी रिया के कहने पर अमित ने किया। इसके बाद रिया के कहने पर ही फ्लैट किराए पर लिया। इसके लिए भी रिया ने खुद को पत्नी बताते हुए दिसंबर 2017 को पहला व जनवरी 2019 में दूसरा फ्लैट किराए पर लिया। इन फ्लैट्स में दोनों करीब पौने तीन साल तक रहे।
इनका किराया, बिजली व मेड का खर्चा भी 26.23 लाख रुपए अमित से करवाया। फ्लैट में रहते रिया ने खुद के दिल में छेद होने व इसका जयपुर में ट्रीटमेंट चलना बताया। हर महीने जांच करवाने के लिए फ्लाइट्स के टिकट व अन्य बहानों से 2.75 लाख रुपए खर्च करवाए। मार्च 2020 में रिया होली पर जोधपुर जाने का बोलकर निकली, लेकिन इसके बाद भी रुपए मांगने बंद नहीं किए। उसने दो दिन बाद वापस मुंबई लौटने की बात कही, लेकिन बाद में अलग-अलग बहाने करने लगी।
लगातार रुपए की डिमांड और बहाने सुनकर अमित को संदेह हुआ। रुपए नहीं देने पर रिया ने सुसाइड की धमकी दी, तो परिवादी ने उसके पिता को फोन करके पूरी बातें बता दी। विवाद बढ़ने के बाद परिवादी को पता चला कि उसकी अलमारी में रखे 65-70 हजार रुपए भी गायब हैं।
परिवादी का आरोप है कि अब रिया और उसके पिता उसे धमका रहे हैं कि इस बारे में किसी को बताया, तो कानून लड़की के पक्ष में है, जेल भिजवा देंगे। ऐसा नहीं करने के बदले 50 लाख रुपए मांग रहे हैं। जबकि, झांसे देकर करीब 33 लाख रुपए पहले ही लूट चुके हैं। महामंदिर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।




