
चुनावी साल में बीजेपी नहीं बदलेगी प्रदेशाध्यक्ष! पूनियां को मिल सकता है एक्सटेंशन






खुलासा न्यूज नेटवर्क। सतीश पूनिया चुनावी साल तक राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बने रह सकते हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक साल पद पर बरकरार रखने का फैसला होने के बाद अब यह माना जा रहा है कि पूनिया को भी एक्सटेंशन मिल जाएगा। बैठक में संगठन के चुनाव एक साल के लिए टाल देने से इस संभावना को मजबूती मिली है। पार्टी के जानकार नेताओं का कहना है कि राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उधर चुनाव में ज्यादा से ज्यादा 10 महीने का समय रह गया है। अक्टूबर में आचार संहिता लग जाएगी। ऐसे में अब कम ही समय बचा है। नया अध्यक्ष बनता है तो नई टीम बनेगी। चुनाव के समय में पार्टी यह जोखिम नहीं लेना चाहेगी। यह जरूर है कि जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उनको बदल कर कुछ नए पदाधिकारी बनाए जा सकते हैं। ऐसे में राजस्थान में चुनाव को देखते हुए पूनिया को एक्सटेंशन देने की ज्यादा संभावना है।


