
भाजपा सांसद के सिर में लगी चोट, राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप






भाजपा सांसद के सिर में लगी चोट, राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी गुरुवार को संसद भवन में चोटिल हो गए। बताया जा रहा है कि संसद की सीढ़ियों पर खड़े सारंगी एक अन्य सांसद के गिरने से घायल हो गए। सारंगी ने इस घटना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया, कहा कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जिसके चलते वह मेरे ऊपर गिर गए और मुझे चोट लग गई। घायल सारंगी को व्हीलचेयर पर बाहर ले जाया गया।
राहुल गांधी का पलटवार
राहुल गांधी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह झूठे आरोप हैं। उन्होंने दावा किया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज सच उजागर करेगा। राहुल ने कहा, “मैं सदन में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भाजपा सांसदों ने मुझे रोकने की कोशिश की और धक्का-मुक्की की।” उन्होंने आगे कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना उनका कर्तव्य है, और वे इसे निभाते रहेंगे।
प्रियंका गांधी का बयान
प्रियंका गांधी से जब पूछा गया कि क्या उनके साथ भी कोई धक्का-मुक्की हुई, तो उन्होंने किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया। वहीं कांग्रेस सांसदों ने इसे संविधान पर हमला करार दिया और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे बीआर अंबेडकर की स्मृति का अपमान कर रहे हैं।
भाजपा का राहुल गांधी पर तीखा हमला
इस घटना पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “राहुल गांधी का व्यवहार गुंडों जैसा था। उन्होंने हमारे बुजुर्ग सांसद को धक्का देकर गिरा दिया। यह व्यवहार अस्वीकार्य है।” केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी राहुल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके लिए पर्याप्त जगह थी, लेकिन उन्होंने जानबूझकर धक्का दिया।


