[t4b-ticker]

भाजपा विधायक के बेटे का निधन, 15 दिन से गुरुग्राम में चल रहा था इलाज

भाजपा विधायक के बेटे का निधन, 15 दिन से गुरुग्राम में चल रहा था इलाज

खुलासा न्यूज़। बांसवाड़ा जिले के गढ़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कैलाश मीणा के बड़े बेटे अभिषेक मीणा (35) का शनिवार देर रात निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, अभिषेक लंबे समय से किडनी और लिवर की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। वे पिछले 15 दिनों से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

अभिषेक के निधन की खबर मिलते ही पूरे गढ़ी क्षेत्र और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार गढ़ी क्षेत्र के चंदनपुरा बोरी गांव में रहता है। अभिषेक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। राजनीतिक रूप से अभिषेक मीणा काफी सक्रिय थे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उन्हें क्षेत्र में एक ऊर्जावान युवा नेता के रूप में जाना जाता था, जो पार्टी के कार्यक्रमों और सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहते थे।

उनके निधन पर क्षेत्र के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रविवार दोपहर उनके पैतृक आवास चंदनपुरा बोरी से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। गौरतलब है कि विधायक कैलाश मीणा लगातार दूसरी बार गढ़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। उन्होंने 2018 और 2023 दोनों चुनावों में जीत हासिल की थी।

Join Whatsapp