
बीकानेर में बीजेपी के जिलाध्यक्ष लड़ना चाहते है विधानसभा चुनाव, दीपावली के मौके पर होगा बड़ा फेरबदल!






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर । राजस्थान बीजेपी के 14 जिलाध्यक्ष विधानसभा चुनाव 2023 के लिए टिकट की कतार में हैं। ऐसे कई जिलाध्यक्षों ने पार्टी को विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा खुद जताते हुए जिलाध्यक्ष पद छोड़ने का आग्रह किया है। इनके अलावा कई ऐसे जिलाध्यक्ष हैं जिनकी परफॉर्मेंस को देखते हुए पार्टी ने बदलाव का खाका तैयार कर लिया है। पहली सूची में दर्जनभर जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी संगठन में इसे बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी में दीपावली के मौके पर बड़ा फेरबदल होगा।
ये जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं
जयपुर शहर जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं। अलवर उत्तर और दक्षिण में से एक जिलाध्यक्ष को पद मुक्त किया जा सकता है। दौसा में नया जिलाध्यक्ष लगाया जाएगा। सवाईमाधोपुर, बांसवाड़ा, बीकानेर देहात, चूरू, टोंक, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, करौली, भीलवाड़ा, अजमेर, जोधपुर, बाड़मेर, सिरोही, कोटा, करौली, धौलपुर, उदयपुर में भी जिलाध्यक्ष बदलने को लेकर पार्टी संगठन ने एक्सरसाइज की है। जिलाध्यक्षों के खुदके आवेदन, विधायक टिकट की सम्भावनाएं, अब तक की परफॉर्मेंस, कार्यकर्ताओं, पार्टी नेताओं और पब्लिक से मिले फीडबैक, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह पूरी कवायद की जा रही है। नए जिलाध्यक्ष के चेहरों पर भी संगठन में एक राय बनाने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया जल्द ही प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह से जिलों में बदलाव की सूची पर चर्चा कर सकते हैं।
बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत डूंगरगढ़ से मांग रहे टिकट
बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत डूंगरगढ़ से टिकट मांग रहे हैं। यहां से वह पिछले चुनाव में बीजेपी के प्रतियासी रह चुके हैं। डूंगरगढ़ में CPI(M) के गिरधारीलाल महिया मौजूदा विधायक हैं।


