Gold Silver

बीजेपी ने घोषित किए 11 जिलाध्यक्ष, दौसा में घोषणा होते-होते टली, छ: जिलों में अभी इंतजार

खुलासा न्यूज नेटवर्क। बीजेपी में जिलाध्यक्षों के चुनाव की डेडलाइन निकलने के बाद अब भी कुछ जिलों में निर्वाचन हो रहा है। सोमवार को भीलवाड़ा, जयपुर देहात उत्तर, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडग़ढ़, झालावाड़, बारां, बीकानेर शहर, डूंगरपुर और टोंक में जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। संगठनात्मक दृष्टि से बीजेपी के 44 जिलों में से अब तक 38 में चुनाव हो चुके हैं।

भीलवाड़ा में मौजूदा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा को दोबारा मौका दिया है। मेवाड़ा के कार्यकाल में पार्टी ने 7 में से 6 विधानसभा सीट और लोकसभा चुनाव जीता था। चित्तौडग़ढ़ में रतनलाल गाडरी को तीसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया है। क्षेत्र के पांचों विधायकों की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया।

जयपुर देहात उत्तर से सुरेश सैनी को जिलाध्यक्ष बनाया है। सुरेश वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष थे। यहां 6 नेताओं ने नामांकन फॉर्म भरा था। करौली से गोवर्धन सिंह जादौन को जिलाध्यक्ष बनाया है। टोडाभीम के रहने वाले गोवर्धन वर्तमान में भरतपुर के जिला प्रभारी हैं।

सवाई माधोपुर में पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर को जिलाध्यक्ष बनाया है। प्रतापगढ़ में 6 नामों के पैनल में से महावीर सिंह कृष्णावत को जिलाध्यक्ष चुना गया। बारां में नरेश सिंह सिकरवार को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सिकरवार को तीसरी बार जिले की कमान सौंपी गई है।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के निर्वाचन क्षेत्र झालावाड़ में हर्षवर्धन शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। टोंक में चंद्रवीर सिंह चौहान को जिले की कमान सौंपी गई है। चौहान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। बीकानेर शहर से सुमन छाजेड़ जिलाध्यक्ष बनी हैं। डूंगरपुर में अशोक पटेल रणोली अध्यक्ष चुने गए।

दौसा में टली जिलाध्यक्ष की घोषणा

दौसा में बीजेपी जिलाध्यक्ष की घोषणा सोमवार को होनी थी, लेकिन टल गई। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया- प्रदेश निर्वाचन अधिकारी नारायण पंचारिया से बातचीत नहीं हो पाने के कारण फिलहाल घोषणा नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की राय को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद जयपुर से जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

छ: जिलों में बाकी है निर्वाचन

बीजेपी में अभी भी छ: जिलाध्यक्ष की घोषणा होना बाकी है। इनमें जयपुर शहर, जोधपुर उत्तर, झुंझुनूं, बूंदी, दौसा और धौलपुर शामिल हैं।

Join Whatsapp 26