
बीकानेर / टीचर्स की भर्ती विवाद ख़त्म करने हो सकता है संशोधन, विज्ञप्ति जारी की जा सकती है






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर । राजस्थान के सरकारी स्कूलों में टीचर्स की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही सरकार के लिए परेशानी का कारण बन गई है। लेवल-2 के 6000 पदों को घटाकर लेवल-1 के पदों में बढ़ोतरी की गई थी। अब इसमें संशोधन किया जा सकता है। इसके लिए भर्ती की विज्ञप्ति जारी की जा सकती है।
शिक्षा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बिना किसी बदलाव के भर्ती विज्ञप्ति जारी की जा सकती है। इसमे लेवल-1 पर 21,000 और लेवल-2 में 25,500 पदों पर टीचर्स की भर्ती की जाएगी। इनमें विशेष शिक्षकों के 4500 पद भी शामिल होंगे।
सरकार फिलहाल पदों की संख्या में बदलाव नहीं करती है तो शिक्षा विभाग युवाओं के विरोध को कम करने के लिए 2023 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की घोषणा भी कर सकता है। ताकि युवाओं को नई भर्ती का सपना दिखाकर विवाद को खत्म किया जा सके।
दरअसल, 26 सितंबर 2021 को 15 हजार पदों पर आयोजित रीट लेवल-2 का पेपर आउट होने के बाद सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके बाद CM गहलोत ने 2022 में कुल 31 हजार 500 पदों पर लेवल-2 की भर्ती निकाली। जिसमें लेवल-2 के पुराने 15000 पद भी शामिल थे। लेकिन भर्ती विज्ञप्ति जारी होने के पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बार फिर लेवल-2 के पदों को घटा लेवल-1 के पदों में बढ़ोतरी कर दी है। जिसको लेकर प्रदेशभर के युवाओं ने सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।


