Gold Silver

बीकानेर में इन जगहों पर बनेंगे ये सेंटर, इससे निगम करेगा कमाई, पढ़ें ये खबर

बीकानेर में इन जगहों पर बनेंगे ये सेंटर, इससे निगम करेगा कमाई, पढ़ें ये खबर

बीकानेर. शहर में मकानों, भवनों, इमारतों और सड़कों के निर्माण व विध्वंस से निकलने वाले मलबे से अब नगर निगम कमाई करेगा। निगम से अनुबंधित फर्म इस मलबे का संग्रहण और परिवहन का कार्य करेगी। इससे निगम को राजस्व की प्राप्ति होगी। मलबे को संग्रहित और परिवहन कार्य को लेकर निगम की ओर शुल्क भी तय कर दिए गए हैं। निगम की ओर से बल्लभ गार्डन क्षेत्र में सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। इस प्लांट में मलबे को क्रश, क्लीनिंग कर उपयोगी सामग्री को अलग किया जाएगा। मिट्टी गड्ढ़ों के भराव में काम आ सकेगी। मलबे को खुले में सड़कों पर न डाले इस पर प्रभावी रोक के लिए निगम ने कार्ययोजना तैयार की है। इस कार्य के लिए निगम की ओर अनुबंधित फर्म का सहयोग लिया जाएगा। निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले मलबे के संग्रहण एवं परिवहन को लेकर नगर निगम की ओर से प्रति टन के अनुसार शुल्क तय किया गया है। निगम आयुक्त के अनुसार प्रतिदिन 20 टन से अधिक मलबा उत्पन्न होने पर अथवा एक महीने में 300 टन से अधिक मलबा होने पर प्रति टन शुल्क 600 रुपए तय किया गया है। इसी प्रकार बल्क वेस्ट जनरेटर में मिक्स सीएंडडी वेस्ट मलबा के लिए प्रति टन 1000 रुपए शुल्क वसूला जाएगा। इसी प्रकार 20 टन से कम मलबा होने पर एक हजार क्यूबिक फीट मलबे के लिए प्रति ट्रिप मिनी ट्रक 1200 रुपए, 150 क्यूबिक फीट से अधिक मलबे के लिए प्रति ट्रिप 2000 रुपए शुल्क तय किया गया है। मलबे के नियत समय सीमा में नहीं उठवाए जाने पर शास्ति लगाने की व्यवस्था भी की गई है। वर्तमान में मलबे को खुले में डाला जा रहा है। सड़कों के किनारे, गड्ढों के पास मलबे के ढेर लगाए जा रहे है। इससे मार्ग संकरा हो रहा है व कचरा व गंदगी बढ़ रही है। आगामी समय में निगम की ओर से शहर की चारों दिशाओं में चार सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन पॉइंट बनाए जाएंगे। इन पॉइंट पर मलबा संग्रहित होगा व फर्म की ओर से इन सेंटरों से मलबे को बल्लभ गार्डन क्षेत्र स्थित प्लांट तक ले जाया जाएगा।

Join Whatsapp 26