Gold Silver

बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर आई यह बड़ी खबर, जाने कब खत्म हो रहा है कार्यकाल

बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर आई यह बड़ी खबर, जाने कब खत्म हो रहा है कार्यकाल

बीकानेर। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बयान से स्पष्ट हो गया है कि भरतपुर, बीकानेर, पाली, अलवर एवं उदयपुर नगर निगम, 16 नगर परिषद और 28 नगर पालिकाओं में इस साल चुनाव नहीं हो सकेंगे। जबकि निकायों का कार्यकाल नवंबर में पूरा हो रहा है। इन निकायों का कार्यकाल 6 माह या इससे ज्यादा बढ़ाकर प्रशासक नियुक्त किए जाएंगे। खर्रा के इस बयान को वन स्टेट वन इलेक्शन की ओर भी सरकार का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। खर्रा ने कहा है कि 2025 में सभी निकायों के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। ऐसे में उन 91 निकायों में समय से पहले चुनाव होंगे, जिनका कार्यकाल 2026 तक है। वहीं, जयपुर, जोधपुर एवं कोटा सहित 56 निकायों में चुनाव समय पर होंगे।

वहीं, जयपुर, जोधपुर एवं कोटा निकाय फिर से एक होंगे। प्रदेश में पिछले चुनाव तक 196 नगर निकाय थे। स्वायत्त शासन विभाग की मौजूदा जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब निकाय बढ़कर 282 हो गए हैं। लेकिन, इनमें तीन निकाय खत्म किए जाएंगे। खर्रा ने फिर दोहराया है कि एक शहर एक मॉडल पर चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे में जयपुर, जोधपुर एवं कोटा निकाय को फिर से एक कर दिया जाएगा। खर्रा ने यह भी कहा कि इस साल निकाय चुनाव नहीं कराए जाएंगे। वन स्टेट, वन इलेक्शन की दिशा में काम किया जा रहा है। इसलिए निकायों में एक साथ चुनाव करवाए जाएंगे। निकायों का विस्तार किया जाना है, इसके बाद वार्डों का पुनर्गठन होगा।

91 निकायों में समय से पहले, 56 में निर्धारित समय पर होंगे
नवंबर में यहां नहीं होंगे 5 नगर निगम: भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर एवं पाली, अलवर।
16 नगर परिषद: ब्यावर, भिवाड़ी, बांसवाड़ा, बाड़मेर, बालोतरा, चित्तौड़गढ़, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, मकराना, सीकर, सिरोही व टोंक।
28 नगरपालिका: पुष्कर, नसीराबाद, थानागाजी, परतापुरगढ़ी, छबड़ा, मंगलौर, रुपवास, निंबाहेड़ा, रावतभाटा, राजगढ़, महुवा, सूरतगढ़, भीनमाल, बिसाऊ, पिलानी, फलौदी, कैथून, सांंगोद, डीडवाना, सुमेरपुर, आमेट, नाथद्वारा, नीमकाथाना, खाटूश्यामजी, माउंटआबू, पिंडवाड़ा, शिवगंज एवं कानोड।

यहां समय से पहले जिन 91 निकायों में जनवरी, 2021 में चुनाव कराए गए थे। इनका कार्यकाल 2026 तक रहेगा। चूंकि अब 2025 में चुनाव की योजना है, ऐसे में इनमें चुनाव समय से पहले होंगे। यहां समय पर राज्य के 56 निकायों में दिसंबर, 2020 में चुनाव करवाए गए थे। इन निकायों का कार्यकाल अगले साल यानी 2025 में पूरा होगा। इन निकायों में चुनाव समय पर होंगे।

Join Whatsapp 26