
बीकानेर संभाग / 8 भाजपा और 6 निर्दलीय पार्षद हुए कांग्रेसी,सियासी हलचल तेज





श्रीगंगानगर जिले के रायसिंह नगर में बुधवार को आठ भाजपा और छह निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस जॉइन कर ली। इसके साथ कस्बे में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। हालांकि इसका कोई बड़ा असर भाजपा के स्थानीय पालिका बोर्ड पर नहीं पड़ने वाला। इसे भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा छोड़ने वाले तथा निर्दलीय पार्षदों का आरोप है कि उनकी पार्टी में सुनवाई नहीं होने से उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में उपाध्यक्ष हरीश डाबी सहित छह निर्दलीय और आठ भाजपा पार्षद हैं। कांग्रेस में शामिल होने वालों की जारी की गई सूची में पंद्रह नाम हैं। इनमें आठ भाजपा के और छह निर्दलीय पार्षद हैं। एक नाम पार्षद रमनजीत कौर का है जो पहले से ही कांग्रेस की पार्षद हैं।
यह है बोर्ड की स्थिति
कस्बे के 35 वार्डों के नगर पालिका बोर्ड का गठन गत वर्ष 13 दिसम्बर को हुआ। उस समय भाजपा के मनीष मोहन कौशल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। निर्दलीय हरीश डाबी को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसमें भाजपा के 16 और 15 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। एक पार्षद माकपा से चुना गया, जबकि कांग्रेस के तीन पार्षद जीते थे। इस तरह से भाजपा ने बोर्ड बनाया। अब बदले हालात में भाजपा के आठ और छह निर्दलीय पार्षद कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा के अपने आठ ही पार्षद रह गए हैं। भाजपा के बोर्ड गठन के समय जब हरीश डाबी उपाध्यक्ष बने तो उन्हें 21 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ था यानी उस समय जीत कर आए भाजपा के सोलह पार्षदों के अलावा पांच का समर्थन भाजपा को था।
अभी नहीं आ सकता अविश्वास प्रस्ताव
नगर पालिका में नियमानुसार अभी अविश्वास प्रस्ताव अभी नहीं आ सकता। बोर्ड के गठन को महज दस माह हुए हैं, जबकि अविश्वास प्रस्ताव के लिए दो वर्ष का समय बीतना जरूरी है। मनीष मोहन कौशल ही अध्यक्ष बने रहेंगे। उपाध्यक्ष हरीश डाबी ने चौदह से ज्यादा पार्षदों के उनके साथ आने का दावा किया। उनका कहना था कि अभी अविश्वास प्रस्ताव नहीं आ सकता, लेकिन नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्होंने और अन्य पार्षदों ने कांग्रेस जॉइन कर ली है।
ये हुए कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस में शामिल होने वाले जिन पार्षदों की सूची जारी की गई है, उनमें नितिश बिश्नोई, उपाध्यक्ष हरीश डाबी, सुरेंद्र , श्रवण पारीक, चरणजीत सिंह, अशोक गोयल, फतेहचंद अग्रवाल, हंसराज, संजय नायक, सुनील नायक, मल्लिका, श्यामलाल, सुनैना और जगदीश के नाम शामिल हैं।


