Gold Silver

बीकानेर / फार्म में प्रवेश पर किसानों और प्रशासन में तनातनी

खुलासा न्यूज, बीकानेर संभाग । घग्धर नदी का पानी टेल के किसानों तक नहीं पहुंचने से परेशान किसानों के मंगलवार को सरदारगढ़ स्थित केंद्रीय राज्य फार्म में अधिकारियों से बातचीत का कार्यक्रम सिरे नहीं चढ़ पाया। मंगलवार को किसानों के फार्म प्रशासन से बातचीत की इच्छा से सरदारगढ़ फार्म के निकट पहुंचने पर फार्म प्रशासन ने दिल्ली मुख्यालय से मिले आदेशों का हवाला देते हुए किसानों के फार्म में प्रवेश पर रोक लगा दी।

बाद में किसानों के फार्म प्रशासन पर वार्ता नहीं करने का अरोप लगाने पर पुलिस प्रशासन ने उपतहसील कार्यालय में वार्ता करवाई। यहां भी कई बार तनाव के हालात हुए। मौके पर पहुंचे विधायक बलवीर लूथरा और संतोष बावरी को भी फार्म प्रशासन ने किसानों से साथ फार्म में प्रवेश नहीं करने दिया। बाद में पांच लोगों के साथ उन्हें फार्म में बंधों का निरीक्षण करने की अनुमति दी गई।देर शाम तक निरीक्षण जारी था।

अवरोधकों को लेकर विवाद

किसान संगठन और फार्म प्रशासन के बीच घग्घर बहाव क्षेत्र में अवरोधक को लेकर लम्बे समय से विवाद है। किसान संगठनों का आरोप है कि केंद्रीय राज्य फार्म सरदारगढ ने घग्घर बहाव क्षेत्र में अवैध बंधे बना रखे हैं, जिसके कारण घग्घर नदी का पानी हर वर्ष भेड़ताल (अनूपगढ) तक नहीं पहुंच पाता।

वहीं फार्म प्रशासन ने दावा किया कि केंद्रीय राज्य फार्म में प्राकृतिक बंधे को छोड़कर कृत्रिम बंधों का कभी निर्माण नहीं किया है। इसी विवाद को लेकर किसान संगठन व घग्घर नदी बचाओ समिति के सदस्य रायसिंहनगर विधायक बलवीर सिंह लूथरा, अनूपगढ विधायक संतोष बावरी और किसान नेताओं के साथ घग्घर बहाव क्षेत्र सरदारगढ के लिए रवाना हुए। वहीं फार्म प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से किसानों को फार्म क्षेत्र में प्रवेश करने पर रोक लगा दी। फार्म प्रशासन ने जिला कलेक्टर को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पत्र दिया।

किसानों को पांच जीबी में रोका

किसानों के घग्घर बहाव क्षेत्र की और जाने से पूर्व पुलिस व प्रशासन ने सभी किसानों को गांव पांच जीबी में रोक लिया। वहीं फार्म प्रशासन ने दिल्ली मुख्यालय से मिले आदेशों का हवाला देते हुए किसानों के सरदारगढ फार्म घग्घर बहाव क्षेत्र में जाने पर रोक लगा दी। इस दौरान किसानों ने फार्म प्रशासन पर बैठक नहीं करने का आरोप लगाया।

Join Whatsapp 26