
बीकानेर/ अवैध हथियार से गोली निकालते वक्त लगी गोली, ऐसे रची झूठी कहानी, पुलिस ने किया खुलासा






खुलासा न्यूज, बीकानेर। बीकानेर में फायरिंग मामले में ताजा अपडेट सामने आया है। दरअसल बदमाश अपनी ही पिस्टल से घायल हुआ था। अवैध हथियार से गोली निकालते वक्त गोली लगी थी। इसके बाद बदमाश ने झूठी कहानी रची और पुलिस को फायरिंग होना बताया। साथ ही बदमाश ने अपने कुछ विरोधियों के नाम भी लिखवा दिए। नयाशहर पुलिस ने पड़ताल की तो झूठी कहानी सामने आई। यह जानकारी सीआई गोविन्दसिंह चारण ने दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवादी 19 वर्षीय माधव पारीक पुत्र स्वरूपशंकर पारीक पर गोली किसी अन्य ने नहीं चलाई। माधव अपने स्वयं के हथियार में फंसी गोली निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान फायर हो गया। खुद के हाथों से चली गोली खुद के ही घुटने में जा लगी। उसे पीबीएम ट्रोमा सेंटर ले जाया गया। जहां से नयाशहर पुलिस को घटना की सूचना मिली।
माधव ने पहले तो चार बार में चार अलग अलग घटनास्थल बताए। पहले कहा भीमनगर, फिर बंगला नगर मस्जिद के पीछे वाली गली, फिर चौधरी धर्मकांटा के पीछे वाली गली तथा अंत में करणी मिष्ठान भंडार के पीछे घटना होना बताया। पुलिस दोपहर से शाम तक इधर उधर भागती रही। आरोपी ने पर्चा बयान में पीयूष राणा व भानुप्रताप पर फायरिंग का आरोप लगाया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट व जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया।
बार बार अलग घटना स्थल बताने की वजह से पुलिस को शक हुआ। थाने व डीएसटी की टीम ने मानव के बारे में जानकारी जुटाई। पता चला कि आरोपी सात माह पहले घर से निकाला जा चुका है। वह उमेश के यहां रहता है। वहीं पीयूष तथा भानु के साथ उसकी पुरानी रंजिश है। वह कुछ समय पहले उनकी वजह से जेल जाकर भी आ चुका है।
आज जब वह बंदूक में फंसी गोली निकाल रहा था तो गोली उसके घुटने में लग गई। अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस आ गई। उसने वहीं पर रंजिश निकालने की योजना बनाते हुए फायरिंग होने की कहानी रची। नामजद मुकदमा दर्ज करवाया। लेकिन पुलिस से बच नहीं सका। पुलिस के अनुसार अब माधव के खिलाफ कार्रवाई होगी। उसके पास हथियार कहां से आया इसकी भी जांच होगी।


