Gold Silver

बीकानेर : गैंगस्टर के शरीर में मिले 18 गोलियों के निशान, चौथे मृतक की नहीं हुई पहचान 

बीकानेर। चूरू जिले के हमीरवास में शुक्रवार को हुई गैंगवार में मृत तीन लोगों का शनिवार को पोस्टमार्टम किया गया। इसमें गैंगस्टर प्रदीप स्वामी के शरीर पर 18 गोलियां लगने के निशान मिले। 5 गोलियां पोस्टमार्टम के दौरान शरीर से निकाली गई। बाकी सभी गोलियां शरीर को पार कर गईं। वहीं, ईश्वर सिंह के शरीर से 3 और निहाल के शरीर से दो गोली निकाली गई। चौथे मृतक की पहचान नहीं होने के कारण उसका पोस्टमार्टम फिलहाल नहीं किया गया है।

पोस्टमार्टम से पहले ग्रामीण प्रदर्शन पर बैठ गए थे। शव मौके पर ही रखकर प्रदर्शन किया। लोगों की मांग थी कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद पुलिस अधिकारी गांव वालों को समझाने पहुंचे। दिन में करीब 12 बजे प्रशासन और ग्रामीणों में सहमति बनी। ग्रामीणों की मांग थी कि हमीरवास एसएचओ सुभाषचंद्र को लाइन हाजिर किया जाएगा। मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दी जाए। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अफसरों के आश्वासन के बाद माने ग्रामीणों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
ये है मामला
चूरू जिले के हमीरवास के गांव ढाणी मौजी में शुक्रवार दोपहर गैंगवार हुई थी। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। यहां अजय जैतपुरा की गैंग संभाल रहे प्रदीप जैतपुरा पर फायरिंग की गई। दो बाइक पर आए छह बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में प्रदीप के साथ-साथ दो गांववालों की भी मौत हो गई। इनमें से एक 70 साल के रिटायर्ड शिक्षक थे। वहीं, हमलावरों में से एक का शव घटनास्थल से करीब एक किमी दूर बींजावास के रास्ते पर पड़ा मिला।एक हमलावर दो किमी दूर जोहड़ी में घायलावस्था में मिला। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में बदमाशों को रोकने की कोशिश में कुछ ग्रामीण भी घायल हुए थे।

Join Whatsapp 26