
जय श्रीराम के नारों से गूंजा बीकाणा, हिन्दू धर्मयात्रा में उमड़े हजारों लोग, हनुमान चालीसा व महाआरती के साथ हुआ समापन्न






खुलासा न्यूज, बीकानेर। हिन्दू नववर्ष के मौके पर हर वर्ष की भांति इस साल भी बुधवार को बीकानेर में हिन्दू धर्मयात्रा निकली। जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। दोपहर तीन बजे से लेकर शाम सात बजे तक बीकानेर शहर जय श्रीराम के नारों से गूंजायमान रहा। हर तरफ भगवान लहराता हुआ नजर आ रहा था। नये वस्त्रों में लोग केसरिया साफा बंधे ‘जय श्रीराम’ व ‘भारत माता’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। धर्मयात्रा में शामिल लोगों के स्वागत में जगह-जगह लोग पुष्प लिये खड़े थे, जिन्होंने पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा का स्वागत किया। वहीं लोगों ने अपने-अपने घरों के आगे रंगोली भी बनाई। वहीं यात्रा में किसी प्रकार की अनहोनी न हो जाए इसके लिए पुलिस प्रशासन भी सख्त नजर आया। हजारों लोगों के बीच जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिशंकर खुद मैदान में थे। धर्मयात्रा में इतने लोग पहुंचे कि कोटगेट व केईएम रोड पर पैर रखने की जगह नहीं बची। जहां तक नजर गई वहां तक भीड़ ही नजर आई। जिसमें शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली में न केवल युवा बल्कि बुजुर्ग, जवान, महिलाएं, युवतियां व बच्चे भी शामिल हुए। हर वर्ग ने इस धर्मयात्रा में अपनी भागीदारी निभाई। हालांकि इस बार डीजे पर पाबंदी होने के कारण लोगों में थोड़ी नाराजगी देखी गई, लेकिन जहां स्वागत करने वाले लोग खड़े थे वहां स्पीकरों पर गाने बज रहे थे। बीच-बीच में युवाओं की टोलियां हनुमान चालीस का पाठ करते हुए नजर आई। जूनागढ़ के सामने महाआरती और हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। उसके बाद यात्रा का समापन्न हुआ।
सुरक्षा के कड़े बंदोस्त
धर्मयात्रा के दौरान किसी भी अनहोनी से बचने के लिए बीकानेर पुलिस ने भी कमर कसी हुई थी। यात्रा के एमएम ग्राउंड से रवाना होने से जूनागढ़ पहुंचने तक आठ सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी नजर रखे हुए थे। किसी भी स्तर पर कोई गड़बड़ी नहीं हो, इसलिए ड्रोन से नजर रखी जा रही थी। संवेदनशील क्षेत्रों में घरों की छतों पर भी नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी हुई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात थे, हालांकि कुछ जवान सादा वर्दी में यात्रा के साथ चल रहे थे।
समय से पहले रास्ता बंद
पुलिस ने एमएम ग्राउंड के आगे समय से पहले ही रास्ता बंद कर दिया। यात्रा तीन बजे शुरू होना तय था जबकि एक बजे के आसपास ही रास्ता बंद कर दया गया। ऐसे में गजनेर रोड से शहर की ओर आने वाले वाहनों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि भीड़ को देखते यह कदम उठाना जरूरी था, क्योंकि एक स्थान इतनी संख्या में भीड़ इक्कठा होना सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से ठीक नहीं था।
पोस्टर युद्ध भी छिड़ा
धर्मयात्रा में अपनी उपस्थिति दिखाने के लिए पोस्टर युद्ध भी शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों ने एक बार फिर हॉर्डिंग्स को पाट दिया है। जगह-जगह हॉर्डिंग्स व बैनर के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन भी किया गया।
इन्होंने किया स्वागत
दाऊजी जी रोड़ पर मुस्लिम समाज द्वारा भारत माता की जय के उद्घोष के साथ धर्मयात्रा का स्वागत किया गया। बीकानेर सर्व धर्म सेवा ट्रस्ट द्वारा पुष्पवर्षा करके गंगा जमुना तहजीब की मिसाल पेश की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद अकील ने बताया कि ट्रस्ट कार्यालय पर सभी सदस्यों द्वारा धर्म यात्रा का स्वागत किया गया। नव वर्ष के मौके पर सचिव मोहम्मद फैजान ने सभी धर्मो के लोगो को एकता से भाईचारा के साथ रहने का निवेदन किया।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ.जयकिशन खत्री ने बताया कि सबका मालिक एक है । हम सभी एक ही मालिक के बंदे है। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि ताहिर हसन कादरी,हनुमान दास राठौड़, जफर,मास्टर रमजान अली,तोकीद,योगेश छंगानी,अहमद हसन,भवानी सिंह,मोहम्मद जैद,मोहम्मद फैज़, रूहान हुसैन,संजय गहलोत आदि उपस्थित रहें।
कोटगेट से फड़बाजार चौराहे जेएन मार्केट तक विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया। सहल पैलेस के आगे भाजपा नेता जतिन सहल,मोहन सुराणा नेतृत्व में स्वागत किया गया।
धर्मयात्रियों का प्रेम जी प्वाइंट पर पूर्व यूआईटी चैयरमेन महावीर रांका में स्वागत किया गया और प्रसाद दिया गया। इस दौरान रास्ते में लोग अपने तरीके से सेवा में लगे रहें।डागा बिल्डिंग के आगे भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। होटल सिटी पैलेसे के ऊपर से केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल,दीपक पारीक,गुमान सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में स्वागत किया गया। युधिष्ठर सिंह भाटी की अगुवाई ठेला युनियन द्वारा स्वागत किया गया।
सादुल सिंह सर्किल के पास से ही नन्हा बच्चा हनुमानजी के रूप में जय श्री राम कह रहा था। जो सबका मन मोह रहा था। सादुल सिंह सर्किल पर विश्व हिंदू परिषद,बजरंग दल द्वारा भव्य मंच लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग गीतों पर थिरकते नजर आए। यहां पर बजरंग दल के दुर्गा सिंह शेखावत ने सभी का स्वागत किया। वहीं युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष वेद व्यास ने अपने नारों से सर्किल को गुंजायमान कर दिया।


