
पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत, बीमारी के चलते ड्यूटी नहीं की तो भी मिलेगा वेतन



बीकानेर। बीकानेर जिले के पुलिसकर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। अब कोई पुलिस जवान या अधिकारी बीमार होने के चलते ड्यूटी नहीं कर पाएगा तो उसका वेतन नहीं रोका जाएगा। उसका रूपांतरित अवकाश स्वीकृत कर संबंधित अधिकारी को सूचित किया जाएगा। जिससे समय पर वेतन मिल सके। पहले ऐसी स्थिति में कार्मिक का वेतन रोक दिया जाता था। जिससे उपचार के लिए आर्थिक तंगी से भी गुजरना पड़ता था। रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने गुरुवार को इसके आदेश जारी किए। जिसे रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं अनूपगढ़ पुलिस अधीक्षकों को भेजकर तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए है। यह है आदेश पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि पुलिस जवान-अधिकारी के बीमार होने से ड्यूटी पर आने में असमर्थ होने पर सूचना संबंधित कार्यालय में भेजनी होगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश हैं कि चिकित्सा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर कार्मिक का तुरंत ही रूपांतरित अवकाश स्वीकृत कर सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अनुचित प्रवृति को नहीं अपनाए। जब तक बीमार अधिकारी-कर्मचारी बीमारी से स्वस्थ होकर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होता तब तक वेतन नहीं रोका जाए। कर्मचारियों ने की थी शिकायत जानकारी के अनुसार बुधवार को बीकानेर में पुलिस महकमे के स्टाफ काउंसिल की बैठक में पुलिस कर्मियों से जुड़े मुद्दों एवं समस्याओं पर बात की गई। इस दौरान पुलिस जवानों व अधिकारियों ने बीमारी की सूचना देने के बावजूद वेतन को रोकने की शिकायत की। वेतन समय पर नहीं मिलने पर बीमारी के समय परेशानी का सामना करने की पीड़ा बताई। आईजी ओमप्रकाश ने इसके समाधान का भरोसा दिलाया। 23 कार्मिकों का रोका गया था वेतन पुलिस सूत्रों की मानें तो बीकानेर रेंज में पिछले महीने ही 23 पुलिस कर्मियों का वेतन बीमारी होने की वजह से ड्यूटी पर नहीं आने के चलते रोक दिया गया। पीडि़त कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मामला आईजी तक पहुंचा तो उन्होंने पुलिस मुख्यालय के आदेश के आधार पर रेंज में वेतन नहीं रोकने की व्यवस्था लागू की। यह भी पढ़ें 10 हजार संविदाकर्मियों के लिए खुशखबरी वेतन रोकना अनुचित बीमारी की स्थिति में वेतन को रोकना अनुचित है। इस संबंध में रेंज के चारों पुलिस अधीक्षकों को आदेशित कर दिया गया है। बीमार कर्मचारियों की सूचना मिलने पर उनका वेतन नहीं रोका जाएगा। साथ ही चिकित्सा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर उनका रूपांतरित अवकाश भी तुरंत स्वीकृत किया जाएगा। - ओमप्रकाश,पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज

