
किसानों का बड़ा प्रदर्शन: कृषि कानूनों के खिलाफ होने वाली महापंचायत में 5 लाख से ज्यादा किसान जुटेंगे





केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कल यानी 5 सितंबर को किसान महापंचायत होगी। शहर के GIC ग्राउंड में होने वाली इस महापंचायत का आयोजन संयुक्त किसान मोर्चा कर रहा है। दावा है कि इसमें देशभर से 5 लाख किसान पहुंचेंगे। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत के बेटे गौरव खुद आयोजन का जिम्मा संभाल रहे हैं। शनिवार सुबह दैनिक भास्कर ग्राउंड जीरो पर पहुंचा।
शुक्रवार को हुई बारिश से मैदान में पानी भर गया है। करीब 250 लोग मैदान से पानी निकालने में जुटे हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के भाई सुरेंद्र सिंह खुद लोअर और टीशर्ट पहने मैदान से बाल्टी से पानी निकालते दिखे। इसके अलावा, अलग-अलग जगहों पर 500 भंडारे होंगे। किसानों के लिए खाना तैयार करने में 5 हजार कारीगर जुटे हैं।
वहीं, शहर को किसान एकता जिंदाबाद…किसानों की ताकत देखेगा भारत, 5 सितंबर ऐतिहासिक किसान महापंचायत, क्रांति की धरा मुजफ्फरनगर रचेगी किसान आंदोलन का इतिहास जैसे नारे लिखे बड़े-बड़े होर्डिंगों से पाट दिया गया है। चारों तरफ लाउडस्पीकर लगे हैं। एक ही आवाज, मुजफ्फरनगर चलो…किसानों की ताकत देखेगा भारत… गूंज रही है। किसानों के जत्थे पहुंचना भी शुरू हो गए हैं।
मिट्टी डालकर तैयार किया जा रहा मैदान
पिछले 3 दिन हुई लगातार बारिश से मैदान में भरे पानी और कीचड़ को साफ किया जा रहा है। जेसीबी से मिट्टी डाली जा रही है। मैदान के ज्यादातर हिस्से को तैयार किया जा रहा है। हालांकि, शनिवार सुबह मौसम साफ है। धूप भी निकली है।
10 फीट ऊंचा मंच बनाया गया
महापंचायत के लिए मैदान की साइड में एक मंच बनाया है। यह मंच करीब 100 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा है। ऊंचाई 10 फीट है। यहीं से महापंचायत में आने वाले किसानों को संबोधित किया जाएगा। सामने जो ग्राउंड है वहां भी टेंट लगाए गए हैं। ग्राउंड में 100 फीट की ऊंचाई पर एक बड़े पोल पर तिरंगा लहरा रहा है।

