
भारत बंद:समर्थन में कल नहीं खुलेगी अनाज मंडियां,अस्पताल, पेट्रोल पंप व आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब रहेगा बंद





कांग्रेस, आरएलपी सहित कई संगठनों ने दिया बंद को समर्थन।
खुलासा न्यूज,बीकानेर। केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के विरोध में कल यानी 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया गया है। भारत बंद का प्रदेश के विभिन्न किसान संगठनों और मंडी कारोबारियों ने भी समर्थन किया है। बीकानेर की बात करें तो यहां पेट्रोल पंप, अस्पताल, मेडीकल शॉप्स सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष बंद रहेगा। इसके अलावा राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ ने भी बंद का समर्थन करते हुए प्रदेश की सभी 247 अनाज मंडियों को बंद रखने का आह्वान किया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने बताया कि भारत बंद का कांग्रेस पूरी तरह समर्थन कर रही है। इसके चलते कल शहर में सभी दुकानों, प्रतिष्ठानों को बंद करवाया जाएगा। हालांकि अस्पताल, मेडीकल दुकान, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी सहित तमाम आवश्यक या आपातकाली सेवाएं बंद नहीं करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अलग अलग टीमें बंद में सहयोग करेगी।
बंद का इन्होंने किया समर्थन
किसानों के समर्थन में कांग्रेस और उसके घटक दल ने भी प्रदेश में बंद का ऐलान किया है। वहीं भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने भी बंद का समर्थन किया है। कॉ सरजू गहलोत ने बताया कि पार्टी किसान आन्दोलन का पूर्णतया समर्थन करती है। जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।


