
राजस्थान के 100 किसानों को विदेश भेजेगी भजनलाल सरकार





खुलासा न्यूज नेटवर्क। राजस्थान के 100 किसानों को सरकार विदेश भेजेगी। यह किसान नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्राजील की यात्रा करके कृषि की नई तकनीक सीखेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत प्रदेश के 100 किसानों के विदेश भ्रमण और प्रशिक्षण की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री शर्मा की इस स्वीकृति से फार्मर्स प्रॉड्यूस ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) के 100 किसान नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्राजील की यात्रा करेंगे। इस एक्सपोजर विजिट में किसान नवीनतम तकनीकों एवं नवाचार के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। चयनित किसानों को नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच विभिन्न बैचों में 7 दिवसीय यात्रा कराई जाएगी। प्रदेश सरकार ने कहा कि राज्य के किसानों के कल्याण के लिए सरकार अभूतपूर्व निर्णय कर रही है। इससे उनका आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित हो रहा है। इसी दिशा में नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
सरकार ने मांगे थे आवेदन
राजस्थान सरकार ने साल 2024-25 के बजट में नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम शुरू करने का ऐलान किया था। इसके पहले चरण में प्रदेश के प्रगतिशील युवा किसानों को उन देशों में भेजा जा रहा हैं, जहां कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वहां उच्च तकनीक के जरिए कम जगह और कम लागत में अधिक फसल उत्पादन किया जा रहा है। नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत पहले चरण में चयनित 100 किसानों में से 80 कृषि क्षेत्र और 20 डेयरी तथा पशुपालन क्षेत्र से होंगे। इसके लिए इच्छुक किसानों से आवेदन मांगे गए थे।
किसानों के लिए ये हैं चयन के मापदंड
नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत चयन के लिए कई मापदंड तय किए गए हैं। इनमें सामान्य किसान के पास कम से कम एक हैक्टेयर और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला किसानों के पास 0.5 हेक्टर कृषि भूमि का मालिकाना हक होना चाहिए। वह बीते 10 बरसों से लगातार खेती कर रहा हो। किसान उच्च कृषि तकनीक जैसे संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा पंप, ड्रोन, फर्टिगेशन, ऑटोमेशन, फार्म पोंड और डिग्गी को अपना रहा हो।

