
शहर में इस जगह ब्यूटी पार्लर संचालिका की गला घोंटकर हत्या





शहर में इस जगह ब्यूटी पार्लर संचालिका की गला घोंटकर हत्या
सूरतगढ़ के वार्ड नंबर 11 में पति से अलग रह रही एक विवाहिता का शनिवार को गला घोंटकर हत्या करने मामला सामने आया है। सिटी थाना पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतका की पुत्री दोपहर के समय स्कूल से घर लौटी तब घटना का पता चला। मृतका के भाई रामबाबू पुत्र द्वारका शाह, निवासी वार्ड नंबर 13, सूरतगढ़ की ओर से नामजद मुकदमा दर्ज करवाया है। सब इंस्पेक्टर नगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका बेबी गुप्ता (30) पुत्री द्वारका शाह की शादी वर्ष 2013 में दिलीप वर्मा के साथ हुई थी। बेबी गुप्ता के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ी लड़की और एक लड़का है। मृतका के भाई ने एफआईआर में लिखवाया है कि 4 साल पहले उसकी बहन बेबी बहनोई दिलीप से अलग हो गई थी।
उसने सूरतगढ़ के वार्ड-11 में किराए का मकान ले लिया और वहां रहने लगी। बेबी गुप्ता राजियासर में ब्यूटी पार्लर का संचालन कर अपना गुजर बसर कर रही थी। आरोप है कि भंवरलाल पुत्र छोटू राम निवासी नई सुरेशिया, जो बिरधवाल में बारबर शॉप करता है, वह उसकी बहन के घर आता जाता था। शुक्रवार शाम को भी वह उसके घर आया और किसी बात को लेकर उससे झगड़ा किया। शनिवार सुबह जब उसके भांजी और भांजा स्कूल चले गए तो भंवरलाल फिर उसकी बहन के घर आया और उसके साथ मारपीट कर चुन्नी से गला घोंट कर मौके से फरार हो गया। दोपहर के समय भांजा भांजी जब स्कूल से आए तो उसकी बहन चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। घटना की जानकारी उन्हें मिलने के बाद वे तुरंत बेबी गुप्ता को राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवा उन्हें सौंप दिया।

