
बार एसोसिएशन बीकानेर के मतदान शुरू




बीकानेर। बार एसोसिएशन बीकानेर के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए कुल चार उम्मीदवार मैदान में हैं। वरिष्ठ एडवोकेट अजय पुरोहित और युवा उम्मीदवार तेजकरण सिंह राठौड़ के साथ ही सुखाराम मेघवाल और सकीना ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक एडवोकेट्स अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता अजय पुरोहित का वकील रजिस्ट्रेशन वर्ष 1981 का है और वे इससे पहले 1994, 2009 और 2020 में तीन बार बार एसोसिएशन अध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार उनकी जीते तो वो चौथी बार अध्यक्ष होंगे। वहीं तेजकरण सिंह राठौड़ का रजिस्ट्रेशन 2001 में हुआ था। वे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और युवा वकीलों का उन्हें खासा समर्थन मिल रहा है। चुनावी रणनीति से लेकर जनसंपर्क तक राठौड़ की टीम में उत्साह दिख रहा है।
ये भी है दावेदार
अध्यक्ष पद के सुखाराम मेघवाल और सकीना बानो भी मैदान में है। दोनों ही चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में जुटे हैं। मतदान प्रतिशत अधिक रहा तो राठौड़ को लाभ मिल सकता है, वहीं कम मतदान पुरोहित के पक्ष में जा सकता है। दरअसल, बीकानेर में प्रेक्टिस नहीं करने और सिर्फ रजिस्ट्रेशन करवा चुके कई वकील बीकानेर में नहीं रहते। ऐसे वकीलों से गांव-गांव पहुंचकर संपर्क किया गया है।
आरकेदास गुप्ता रहे हैं आठ बार अध्यक्ष
बीकानेर बार एसोसिएशन के चुनाव हमेशा से रोचक रहे हैं। अध्यक्ष के रूप में सबसे अधिक 8 बार जीतने का रिकॉर्ड रामकृष्णदास गुप्ता के नाम है। वे पहली बार 1955-56 में अध्यक्ष बने और 2001 से 2003 तक लगातार तीन बार अध्यक्ष चुने गए।
वर्ष 2004 में अजयप्रकाश भटनागर, 2005 में कुलदीप शर्मा, 2007 में किशोर सिंह शेखावत और 2009 में अजय पुरोहित विजयी रहे। हाल के वर्षों में भी कई चेहरों ने बार की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
सबसे ज्यादा अंतर से जीत का रिकॉर्ड
अब तक बार चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीत 268 वोटों से हुई, जब मुमताज अली भाटी ने दाऊलाल हर्ष को हराया था। पिछले 25 वर्षों में 8 वकील ऐसे रहे हैं जिन्होंने एक से अधिक बार अध्यक्ष पद जीता है।




