
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने VDO और कंडक्टर भर्ती परीक्षा की आंसर-की जारी की, 20 नवंबर तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति





राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने VDO और कंडक्टर भर्ती परीक्षा की आंसर-की जारी की, 20 नवंबर तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति
खुलासा न्यूज़,बीकानेर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा-2025 और कंडक्टर भर्ती परीक्षा-2024 की आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर अपनी आंसर की डाउनलोड और चेक कर सकते हैं।
अगर किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर किसी अभ्यर्थी को आपत्ति है, तो वे 18 नवंबर से 20 नवंबर तक ऑनलाइन माध्यम से आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
बोर्ड इन आपत्तियों की जांच के बाद फाइनल आंसर-की जारी करेगा और अंतिम परिणाम (Result) घोषित करेगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि “ग्रामीण विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा की आंसर-की सभी चारों सेट — A, B, C और D के अनुसार जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी अपने प्रश्न-पत्र सेट के अनुसार आंसर मिलान कर संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं।”
राज्यभर में 2 नवंबर 2025 को आयोजित हुई VDO भर्ती परीक्षा में करीब 5 लाख 12 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। बोर्ड द्वारा चारों सेट की आंसर-की अपलोड कर दी गई है। इस भर्ती परीक्षा का आयोजन राज्यभर के सभी जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से किया गया था। इसके अलावा कंडक्टर भर्ती परीक्षा-2024 के लिए प्रदेशभर के 14 जिलों में 370 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल 1 लाख 12 हजार अभ्यर्थियों में से 74.44% ने परीक्षा दी। केवल जयपुर जिले में 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां लगभग 30 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। भर्ती परीक्षा 500 पदों के लिए आयोजित की गई थी।




