Gold Silver

जिन्हें सरकार गिराने की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया, उनमें एक सब्जी बेचने वाला और दूसरा मजदूर निकला

झारखंड में सरकार गिराने के मामले में नया ट्विस्ट आ गया है। दरअसल, रांची पुलिस ने सरकार गिराने की साजिश के आरोप में जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक सब्जी बेचने वाला और दूसरा दिहाड़ी मजदूर निकला। यह दावा खुद गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों ने किया है।

परिजनों का कहना है कि पुलिस ने इन्हें दो दिन पहले बोकारो में उनके घर से उठाया था। निवारण प्रसाद महतो बोकारो में सब्जी और फल की रेहड़ी लगाते हैं, जबकि अमित सिंह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।

निवारण के जीजा सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों को दो दिन पहले यह कहकर उठाया था कि एक मामले में पूछताछ करनी है। एक-डेढ़ घंटे बाद छोड़ दिया जाएगा। इधर, पुलिस ने इन्हें रांची के एक बड़े होटल से गिरफ्तार करने का दावा किया है।

रोज कमाने-खाने वाले सरकार गिराने की साजिश कैसे कर सकते हैं?
परिजन ने बताया कि जब वे रांची आए तो उन्हें पता चला कि दोनों को सरकार गिराने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। परिजन का कहना है कि रोज कमाने-खाने वाले दोनों लोगों का राजनीति से दूर-दूर तक लेना-देना नहीं है। फिर ये सरकार गिराने की साजिश कैसे रच सकते हैं? उन्होंने कोतवाली थाने में अपनी बात रखनी चाही, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।

स्पेशल सेल का दावा- रांची के होटल से 4 आरोपी गिरफ्तार किए, 2 लाख कैश बरामद
इससे पहले स्पेशल सेल ने रांची के बड़े होटलों में गुरुवार से शुक्रवार देर रात तक ताबड़तोड़ छापा मारा है। यहां से 4 लोगों को 2 लाख कैश के साथ गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई कांग्रेस के बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की शिकायत पर हुई है। जयमंगल ने 22 जुलाई को कोतवाली थाने में एक पत्र लिखकर विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका जताई थी।

स्पेशल ब्रांच का दावा है कि ये लोग झारखंड में सरकार गिराने की साजिश के तहत विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए बड़ी रकम लेकर होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार को गिरफ्तार 3 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में राजद्रोह के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि एक अन्य पर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

कोतवाली थाने में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इन पर IPC की धारा 419, 420 124-A, 120 B, 34 और PR एक्ट की धारा 171 के साथ PC एक्ट की धारा 8/9 लगाई गई है।

दो दिन गुपचुप कार्रवाई हुई, शुक्रवार देर रात तक पड़े छापे
सूत्रों के अनुसार, स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इस पर पुलिस की टीम ने गोपनीय तरीके से रांची के बड़े होटलों में गुरुवार और शुक्रवार को लगातार 2 दिन छापेमारी की। पुलिस ने लोअर बाजार थाना के इलाके के एक बड़े होटल से 4 लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों से भारी कैश की बरामदगी भी हुई है।

पूछताछ में चारों आरोपियों ने कई राज खोले हैं। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर राज्य के अन्य जिलों में भी जांच की जा रही है। पूछताछ में आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

साजिश के पीछे एक बड़े उद्योगपति का नाम
सूत्रों के मुताबिक, राज्य के सत्ता पक्ष के कई विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर आरोपियों द्वारा कोई बड़ी साजिश रची जा रही थी। इस पूरे मामले में एक बड़े उद्याेगपति का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, अभी पुलिस की ओर से इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। कई विधायकों के इन आरोपियों से संपर्क होने की बात सामने आ रही है।

Join Whatsapp 26