आरएएस के तबादलों के बाद अब आईएएस-आईपीएस की जंबो तबादला सूची जल्द जारी होगी - Khulasa Online आरएएस के तबादलों के बाद अब आईएएस-आईपीएस की जंबो तबादला सूची जल्द जारी होगी - Khulasa Online

आरएएस के तबादलों के बाद अब आईएएस-आईपीएस की जंबो तबादला सूची जल्द जारी होगी

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच गहलोत सरकार नौकरशाही की सर्जरी करने में जुटी हुई है। हाल ही में 201 आरएएस अधिकारियों की जंबो तबादला सूची जारी करने के बाद अब आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची पर मंथन हो रहा है, आईएएस और आईपीएस तबादला सूची को लेकर इन दिनों नौकरशाही में भी जबरदस्त चर्चा है। बताया जा रहा है कि दीपावली पर्व के बाद कभी भी आईएएस और आईपीएस की जंबो तबादला सूची जारी हो सकती है।
तबादला
सूत्रों की माने तो आईएएस और आईपीएस की तबादला सूची में 50 से ज्यादा नाम बताए जा रहे हैं जिन पर उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है। तबादला सूची को फाइनल रूप देकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भेजी गई है। कार्मिक विभाग को अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंजूरी का इंतजार है और सीएम गहलोत की मंजूरी के बाद ही तबादला सूची जारी हो सकेगी।
एक दर्जन जिलों के कलेक्टर- एसपी भी बदलेंगे
बताया जाता है कि गहलोत सरकार में आईएएस- आईपीएस की तबादला सूची में एक दर्जन जिलों के कलेक्टर और एसपी के नाम भी शामिल हैं। चर्चा यह है सत्तारूढ़ कांग्रेस के कई विधायकों ने कई जिलों में कलेक्टर और एसपी पर काम नहीं करने और योजनाओं में अड़ंगा लगाने की शिकायत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एसपी और कलेक्टर के कामकाज का फीडबैक लिया है और माना जा रहा है कि तबादला सूची में कई जिलों के कलेक्टर -एसपी भी बदले जाएंगे।
विधायक और मंत्रियों को तवज्जो
चर्चा यह भी है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आरएएस अधिकारियों की तरह ही आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में भी विधायक और मंत्रियों की डिजायर को तवज्जो दे रहे हैं और उन्हीं की मनमर्जी के अधिकारी विभागों में नियुक्त किए जाएंगे।
तबादलों के जरिए नौकरशाहों को संदेश
सरकार से जुड़े सूत्रों की माने तो तबादलों के जरिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नौकरशाहों को संदेश देना चाहते हैं कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणा और अन्य कामकाज में लापरवाही नहीं चलेगी। साथ ही इसके जरिए एक संदेश यह भी चाहते हैं कि भले ही मुख्यमंत्री का फैसला दिल्ली से हो लेकिन फिलहाल मुख्यमंत्री वही हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 201 आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी। इस तबादला सूची को भी एक सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा था।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26