
2023 में सूने घर में हुई चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, ले गए थे लाखों के जेवरात व नकदी






खुलासा न्यूज बीकानेर। नोखा पुलिस ने चोरी के प्रकरण में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2023 को पूर्णचन्द पुत्र शंकरलाल निवासी वार्ड नम्बंर 37 मोहनपुरा नोखा ने एक लिखित रिपोर्ट दी कि 08 अगस्त 2023 को मैं अपने परिवार सहित अपने पैतृक गांव इंयारा पुलिस थाना साण्डवा जिला चुरू खेती के कार्य हेतु गया हुआ था। 11 अगस्त 2023 को जब मैं नोखा आया तो मैंने देखा कि मेरे घर के मैन गेट पर ताला लगा हुआ था तथा मकान के मुख्य गेट (मोड़े) का ताला टूटा हुआ था। जिसके बाद मैंने मैन गेट खोला तो कमरे के अन्दर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिस पर मैंने पुलिस थाना नोखा को सूचित किया। सामान चैक करने पर पता चला कि 32000 रूपये नकदी, तीन भरी सोने का गले का सेट, तीन भरी सोने का दूसरा सेट, तीन भरी सोने का तिमणिया, 1.5 भरी सोने के कान के आभूषण, 2.5 भरी सोने के 5 फूलड़े व 10 सोने के मोती, दो भरी सोने की चैन व एक सोने की बिंटी,एक सोने का बोरिया, एक सोने की रखड़ी, दस जोडी चान्दी की पायल, एक चान्दी की गडिया, एक चान्दी की गिलास, पन्द्रह चान्दी के सिक्के कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। जिस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान हैड कांस्टेबल रामेश्वरलाल हैड को सौंपा गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन व सुपरविजन में थानाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर प्रकरण की वारदात को ट्रैस आउट करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी महिराम पुत्र भंवरलाल जाति जाट उम्र 27 साल निवासी सोमलसर पुलिस थाना नोखा जिला बीकानेर को डिटेन कर आरोपी महिराम से अनुसंधान किया गया। आरोपी महिराम ने प्रकरण हाजा की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी महिराम को गिरफ्तार कर न्यायालय से पीसी रिमाण्ड प्राप्त किया गया। आरोपी महिराम से अनुसंधान जारी है।


