Gold Silver

निगम की साधारण सभा की बैठक में करीब चार सौ करोड़ रुपए का बजट पेश, जानिए कहां कितने होंगे खर्च

खुलासा न्यूज, बीकानेर। नगर निगम की सोमवार को हुई साधारण सभा की बैठक में बड़ी घोषणाओं के साथ करीब चार सौ करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया। हालांकि बजट बैठक के शुरुआत में कांग्रेसी पार्षदों ने सदन में हंगामा किया और आरोप लगाया कि शहर मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। शहर की टूटी -फूटी सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। वार्डों के विकास में भेदभाव किया जा रहा है। लेकिन बाद में महापौर सुशीला कंवर ने हंगामा कर रहे पार्षदों से सदन की गरिमा बनाये रखने की अपील की। जिसके कुछ समय बाद मामला शांत हो गया। उसके बाद महापौर सुशीला कंवर ने बजट पेश किया। बजट भाषण में उन घोषणाओं को फिर से गिनाया गया, जो पहले से हो चुकी है। बजट के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा किया लेकिन उसका कोई खास असर नहीं था।

वेटरनरी कॉलेज ऑडिटोरिय में आयोजित बजट बैठक में महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने अनेक घोषणाएं की। महापौर ने कहा कि लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास बना रियासतकालीन ब्रिज अब काफी पुराना हो गया। ये कमजोर हो गया है। ऐसे में इस ब्रिज को तोड़कर नया बनाना प्रस्तावित है। इसके लिए देवस्थान विभाग से परमिशन ली जाएगी। इस बार शताब्दी वर्ष भी मनाया जाएगा, जिसके तहत विदेश में रहने वाले सौ प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। बीकानेर की सौ प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम का नया भवन भी नए साल में बनना शुरू होगा। इसकी घोषणा पिछले बजट में हो चुकी है, जिसे फिर से दोहराया गया है। दीन दयाल उपाध्याय सर्किल के पास पड़ी निगम की जमीन पर नया भवन तैयार करने के लिए इस बार टेंडर किया जाएगा। इसका प्लान बना लिया गया है। इस भवन पर करीब पांच करोड़ रुपए की लागत आ सकती है। नगर निगम ने पिछले साल में पांच करोड़ रुपए की लागत से शहर में कई जगह श्मशान व कब्रिस्तान पर खर्च किए। अब आमजन के लिए नया शव वाहन खरीद की गई है। नगर निगम ने अग्निशमन व्यवस्था को सुधारने का प्रयास भी इस बजट में दिखाई दिया है। चार अग्निशमन वाहन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। शिव वैली में तीसरे अग्निशमन का कार्य पूरा हो चुका है, अगले कुछ दिन में इसे शुरू किया जाएगा। नगर निगम ने शहर के मुख्य सड़कों की सफाई के लिए दो नए वाहन उपलब्ध कराने का निर्णय किया है। सीवरेज संसाधनों में बढ़ोतरी करते हुए छह नए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। चार नए मुवेबल टॉयलेट भी खरीदे जा रहे हैं।

सड़क-नाली पर खर्च होंगे 22 करोड़

शहरी क्षेत्र में सड़क कार्यों के लिए दस करोड़ रुपए, नाली व क्रॉस मिलाने के लिए पांच करोड़, सीवर लाइन के लिए पांच करोड़ रुपए, सीवर लाइन ढक्कन एवं फरौ कवर के लिए दो करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

गोगागेट से हटेगा कचरे का ढ़ेर, आवारा पशुओं पर खर्च होंगे करोड़ों

नगर निगम ने गोगागेट डम्पिंग यार्ड पर स्थित कचरे को हटाने के लिए 36 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाए गए हैं।इसके लिए वर्क ऑर्डर हो चुका है। यहां पर अब राम शरद वाटिका का निर्माण करना प्रस्तावित है। साथ ही आवारा पशुओं को पकडऩे, मुख्य मार्गों एवं मुख्य बाजारों की सफाई के लिए दो वर्ष के अनुबंध पर सौ श्रमिक, कचरा परिवहन के लिए ट्रेक्टर निविदा के लिए तेरह करोड़ चालीस लाख रुपए खर्च होंगे। आवारा कुत्तों के बंध्याकरण के लिए भी योजन बन रही है।

शताब्दी वर्ष मनाने का निर्णय

इस बार के बजट में बीकानेर के पूर्व महाराजा गंगा सिंह को भी याद किया। “द बीकानेर स्टेट म्युनिसिपल एक्ट 1923” के सौ वर्ष पूर्ण होने पर अब शताब्दी वर्ष मनाने का निर्णय किया गया है। इसी शताब्दी वर्ष में नगर निगम सौ ऐसी प्रतिभाओं को बीकानेर में आमंत्रित करेगा जो देश और विदेश को गौरवान्वित करते रहे हैं। इसके अलावा बीकानेर शहर की सौ प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा।

हॉर्डिंग्स का काम होगा ऑनलाइन

नगर विकास न्यास की तरह अब नगर निगम भी हॉर्डिंग्स, मिनी हॉर्डिंग्स, मिनी लाइट पाल, डिवाइडर हॉर्डिंग्स, ट्रेफिक लाइट हॉर्डिंग्स, गेट एंट्री सहित अनेक कार्यों के लिए अब ई बिड होगी। जिससे नगर निगम को इस कार्य से मिलने वाले राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सकेगी।

इंदौर का भ्रमण करेंगे बीकानेर के स्टूडेंट्स

सफाई के प्रति आम लोगों को जागरुक करने के लिए बीकानेर के स्टूडेंट्स को इंदौर का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके लिए स्टूडेंट्स का चयन किया जाएगा। यात्रा का सारा व्यय नगर निगम ही वहन करेगा। बच्चों को पता चलेगा कि शहर को किस तरह साफ सुथरा रखना चाहिए।

पुष्करणा सावे पर खर्च होंगे 50 लाख

नगर निगम ने पुष्करणा समाज के सावे पर पचास लाख रुपए का बजट आवंटित किया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस दौरान सड़क, नाली, बिजली सहित अनेक काम होते हैं। इस बार इस कार्य के लिए पचास लाख रुपए का बजट तय किया गया है।

Join Whatsapp 26