
तीन जैन मंदिरों से 64 किलो के चांदी के बर्तन चोरी






जयपुर। कोतवाली थाना इलाके में लालजी सांड का रास्ता स्थित तीन जैन मंदिरों से 64 किलो के चांदी के बर्तन चोरी हो गए। चोरों ने श्री दिगंबर जैन मंदिर (छोटे दीवान), श्री दिगंबर जैन चैत्यालय तोडक़र, श्री दिगंबर जैन मंदिर मेघराज जी लुहाडिय़ा को निशाना बनाया। पर्युषण पर्व की तैयारियां शुरू हुईं तो चोरी का खुलासा हुआ?
छोटे दीवान मंदिर के गर्भ गृह में रखे चांदी के पंचमेरू पांच छोटे व पांच बड़े , चांदी के 21 छत्र,12 चंवर, 20 गजदंत, 2 ढ़ोना सहित अन्य सामान निकालने की तैयारी शुरू की गई। गर्भ गृह के बाहर सभी गेट पर ताले मिले और अंदर सामान गायब था। तीनों ही मंदिरों की देखरेख एक ही व्यक्ति दीपक जैन संभालता था। यह भी पांच जुलाई से गायब है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।
केयर टेकर दो माह से गायब…शक उसी पर
एसीपी कोतवाली मेघचंद मीना ने बताया अनिल दीवान, योगेश कुमार, गजेंद्र कुमार व जिनेंद्र कुमार ने मंदिरों में चांदी के बर्तन चोरी होने की शिकायत दी है। तीनों ने दीपक जैन पर शक जताया है। भादवा माह के पर्युषण पर्व शुरु होने के कारण पूजा प्रक्षाल के लिए गर्भगृह से सामान निकाला गया था।
मंदिर कर्मचारी मंजू सैनी और संजय जैन गर्भगृह में गए थे। आलमारियों में रखे 25 किलो चांदी के पंचमेरू गायब थे। दूसरी आलमारी में चांदी के कलश सिंहासन, थाली, कटोरी नहीं गायब थे। गर्भगृह से 43 किलोग्राम चांदी का सामान ले गए। श्री दिगंबर जैन मंदिर मेघराज जी लुहाडिय़ा से 21 किलो चांदी के बर्तन और श्री दिगंबर जैन चैत्यालय से एक किलो चांदी का सामना गायब हुआ है।
चोरी के बाद गेट पर ताला लगा मिला
मंदिरों में पिछले पर्युषण पर बर्तन निकाले गए। तब से गेट पर ताला ही लगा हुुआ है। चोरी के बाद गेट पर ताला लगा दिया गया था। इससे किसी को कोई जानकारी नहीं मिल पाई। जब 8 सितंबर को सामान संभालने के लिए गर्भ गृह का ताला खोला गया तो सामान गायब मिला।


