
सांप डंसने से मां की मौत, 3 बच्चे कोमा में






बूंदी । सदर थाना इलाके के गुढ़ा नाथावतान के हाथी खेड़ा मजरे में बुधवार देर रात कमरे में सो रही महिला व तीन बच्चों को सांप ( करैत प्रजाति का) ने डंस लिया। महिला की मौत हो गई। तीनों बच्चे कोमा में हैं। कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। कमरे में मां निर्मला (35) पलंग पर सो रही थी। उनके पास बेटा प्रदीप (15), नाती माहिम (5), नातिन समीक्षा (10) और सोनाक्षी सो रही थी। देर रात सांप ने पलंग पर चढ़कर बारी-बारी से सभी को डंस लिया। सिर्फ सोनाक्षी को सांप ने नहीं डंसा। सांप के डंसने के बाद भी किसी को पता नहीं चला। कुछ देर बाद महिला को घबराहट व गले में खिंचाव हुआ। वह उठकर बाहर आई तो आंगन में सांप दिखा। उसने परिजनों को उठाया। घर के लोगों ने सांप को मार दिया।
उल्टियां होने पर खान-पान में गड़बड़ी माना
कुछ देर बाद निर्मला को उल्टियां शुरू हो गई। परिजनों को पता नहीं चला कि उसे सांप ने काटा है। खान-पान में गड़बड़ी मानते हुए डॉक्टर को बुलाया। वह भी गैस की दवा देकर चला गया। आराम नहीं होने पर महिला को जिला अस्पताल लेकर गए। जहां से कोटा रेफर कर दिया गया। घर पर बच्चों की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान निर्मला की मौत हो गई। प्रदीप, समीक्षा व महिम कोमा में चले गए हैं। सांप ने बच्चों को दो जगह काटा है। पास में सो रही नातिन सोनाक्षी बच गई। उसे सांप ने नहीं डंसा। उसकी जान बच गई है।


