Gold Silver

यूथ कांग्रेस के 61वें स्थापना दिवस पर 500 ऑटो रिक्शा चालकों को बांटी सूखी राशन किट

खुलासा न्यूज बीकानेर। भारतीय युवा कांग्रेस के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार व्यास के नेतृत्व में 500 ऑटो रिक्शा चालकों को राशन किट का निशुल्क वितरण किया गया। पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा तथा जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला थे। इस अवसर पर डॉ. कल्ला ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश भर के लोगों ने अंग्रेजों भारत छोड़ो अभियान’ प्रारंभ किया। इस दौरान विदेशी वस्तुओं की होली जलाई गई और इनका बहिष्कार किया गया। अंग्रेजों द्वारा हजारों देशभक्तों को जेलों में डाला गया। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने के लिए हजारों देश भक्तों ने अपना सर्वस्व देश के लिए न्योछावर कर दिया। हमें इन देशभक्तों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. कल्ला ने कहा कि कोरोना संकट के प्रतिकूल समय में यूथ कांग्रेस अपने सामाजिक सरोकारों पर खरा उतरा है और मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत के ‘कोई भी भूखा ना सोए’ के संकल्प को साकार करने में प्रभावी योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऑटो चालक भी कोरोना वारियर्स से कम नहीं हैं। संकट के दौर में इन्होंने भी अपना प्रभावी योगदान दिया। यूथ कांग्रेस द्वारा ऐसे समय में इनकी सहायता करना अनुकरणीय है।
डॉ. कल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश में किए गए कोरोना प्रबन्धन को पूरे देश में सराहा गया। राज्य सरकार की दूरगामी सोच और आमजन के सतत सहयोग के कारण कोरोना की दूसरी लहर पर प्रभावी अंकुश पाया जा सका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को निरोगी बनाना मुख्यमंत्री का लक्ष्य है तथा इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अलावा निशुल्क जांच और निशुल्क दवा जैसी ऐतिहासिक योजनाएं प्रदेश में प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ऑटो चालक इस योजना के तहत पंजीकरण करवाकर इसका लाभ उठाएं।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार व्यास ने कहा कि यूथ कांग्रेस युवाओं का विश्व का सबसे बड़ा संगठन है, जो कि परसेवा और परहित के ध्येय के साथ सामाजिक सरोकारों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के आदर्शों को अपनी प्रेरणा मानता है और कोरोना संक्रमण की प्रतिकूल परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी, पुलिसकर्मी, सफाई कर्मी की भांति ऑटो चालक ने भी कोरोना योद्धा की तरह दूसरों के दु:ख और पीड़ा को दूर करने का प्रयास किया है। प्रतिकूल परिस्थितियों में इनकी मदद करना गर्व का विषय है।
इंटक नेता हेमंत किराडू ने कहा कि कोरोना वारियर्स के रूप में ऑटो चालकों का सम्मान करना तथा इन्हें संबल देना यूथ कांग्रेस का अनुकरणीय कार्य है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद लोगों के घर तक राशन सामग्री पहुंचाने, मरीजों के लिए ब्लड और प्लाज्मा डोनेट करने तथा ऑक्सीजन की व्यवस्था करवाने में भी प्रभावी भूमिका निभाई। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता आमजन के सुख-दु:ख में सदैव साथ रहते हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव जिया उर रहमान ने कहा कि आमजन की भलाई यूथ कांग्रेस का प्रथम ध्येय है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नए कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेताओं से प्रेरणा लेकर पार्टी को मजबूत करने मैं सहयोग देना चाहिए।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने कहा कि संकट के इस दौर में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भी भरपूर योगदान दिया।
इस दौरान वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी भरत पुरोहित, श्री लक्ष्मीनाथ मन्दिर पर्यावरण विकास समिति के सीताराम कच्छावा, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव आशा स्वामी, मदन पवार आदि बतौर अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ कल्ला ने यूथ कांग्रेस का ध्वजा लहराया। कार्यक्रम में ऑटो चालक यूनियन के अब्दुल गफ्फूर छोटू,युवा कांग्रेस जिला महासचिव रविकांत वाल्मीकि,पश्चिम विधानसभा महासचिव जितेंद बिस्सा पार्षद दुर्गादास छंगाणी, मनोज चौधरी, राहुल जादूसंगत, विकास चांवरिया, राज चांगरा, नर नारायण स्वामी, धनसुख, अनिरुद्ध पुरोहित, सुमित घारू, त्रयंबक व्यास, शशि शेखर, जयदीप सिंह जावा, सावन भादू,अंशुमान, योगेश आचार्य,मोहित भादाणी,मोहम्मद हारून,योगेश बिस्सा,विकास जावा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join Whatsapp 26