
पति की सांसों के लिए घर में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर हो गया लीक,पत्नी की झुलसने से मौत






सवाई माधोपुर। गंगापुर सिटी के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में एक घर में शनिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से गैस लीक व शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। अचानक आग लगने से पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को उप जिला अस्पताल रैफर किया गया, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के पति को जयपुर रैफर किया गया है। महिला सरकारी गर्ल्स स्कूल वजीरपुर में लेक्चरर थी। महिला का पति पोस्ट कोविड पेशेंट है, जिसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक मृतका संतोषी मीना व उसके पति सुल्तान सिंह एक कमरे में सो रहे थे। सुबह 5 बजे संतोषी अपने पति को एक्सरसाइज करवाने के लिए उठी। जैसे ही उसने लाइट जलाने के लिए स्विच ऑन किया तो स्विच से चिंगारी निकली और कमरे में फैली हुई ऑक्सीजन की वजह से आग लग गई। इससे संतोषी के कपड़ों ने भी आग पकड़ ली। जिस बिस्तर पर पति लेटा था उसमें भी आग लग गई। महिला ने अपनी परवाह नहीं करते हुए पति को बचाने के लिए उससे लिपट गई। इसी बीच बगल के रूम में उनका भतीजा सो रहा था जो आवाज सुनकर जागा। उसने रूम में आग लगी हुई देखी तो पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों व भतीजे ने दोनों को कमरे से निकाला। झुलसे हुए पति-पत्नी को हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उप जिला अस्पताल रैफर कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पति के कोरोना नेगेटिव होने के बाद भी नहीं हुआ था सुधार
पति सुल्तान सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गया था। जिसका फिलहाल पोस्ट कोविड इलाज चल रहा है। उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। जिसके कारण संतोषी मीणा उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अजमेर लेकर गई थी। वहां सुल्तान सिंह पिछले 27 दिन से भर्ती था। उसे दो दिन पहले ही गंगापुर सिटी वापस लेकर आए थे।
दोनों के दो छोटे बच्चे हैं
दोनों के 2 छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक बेटा 8 साल और दूसरा 10 साल का है। दोनों की शादी को 12 साल हो चुके थे। फिलहाल प्रशासन ने महिला के घर को सीज कर दिया है। संतोषी मीणा का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


