
मंत्री डाॅ. कल्ला और भाटी ने किया महात्मा गांधी रसोई सेवा का अवलोकन







बीकानेर । ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बी. डी. कल्ला तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवा दल द्वारा डागा चौक स्थित सती माता बगीची में संचालित महात्मा गांधी रसोई सेवा का शनिवार को अवलोकन किया।
इस दौरान डाॅ. कल्ला ने कहा कि कोरोना संक्रमण की प्रतिकूल परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाना सराहनीय कार्य है। कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों द्वारा सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए यह पुनीत कार्य किया जा रहा है। ऐसे प्रयास जरूरतमंद लोगों को संबल देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने ‘कोई भूखा न सोए’ का संकल्प लिया है। सेवादल के कार्यकर्ता इस संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सेवा का यह जज्बा बनाए रखते हुए दीन-दुःखियों की सहायता की जाए।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना कांग्रेस सेवा दल के मुख्य उद्देश्यों में शामिल है। वर्तमान स्थिति में सेवादल के कार्यकर्ता इन उद्देश्यों पर खरे उतर रहे हैं और कोरोना संक्रमितों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। संकट के दौर में की गई सहायता को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इसी संकल्प के साथ इंदिरा रसोई का संचालन किया जा रहा है।
रसोई सेवा संचालन से जुड़े हनुमान व्यास ने बताया कि महात्मा गांधी रसोई सेवा की शुरूआत 17 मई को हुई। इसके तहत प्रतिदिन लगभग 150 लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस दौरान नृसिंह दास व्यास, योगेश पालीवाल, हंसराज बिश्नोई, मुमताज शेख, मेघराज बिस्सा, गोविंद नारायण व्यास, गणेश नारायण पुरोहित, श्रीपाल रामपुरिया, बिशनाराम गोदारा, महेन्द्र पुरोहित, ताराचंद जयपाल तथा परमाराम आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व ऊर्जा मंत्री डाॅ. कल्ला ओर उच्च शिक्षा मंत्री श्री भाटी ने भगवान शिव का अभिषेक किया।


