
बीठनोक के पास एक साथ 300 कबूतरों की मौत






खुलासा न्यूज,बीकानेर। श्रीकोलायत तहसील की बीठनोक ग्राम पंचायत में होली के दिन एक साथ करीब तीन सौ कबूतरों की मौत हो गई। इस बारे में वन विभाग के आला अधिकारियों को रविवार की शाम तक कोई जानकारी नहीं थी। इतनी बड़ी संख्या में मृत कबूतर तो करीब दो महीने पहले बर्ड फ्लू खतरे के दौरान भी नहीं मिले थे।जानकारी के अनुसार बीठनोक ग्राम पंचायत की माधोगढ़ की रोही में चक खुड्डी की ओर जा रहे रास्ते पर खेतों में कबूतर मृत अवस्था में मिले हैं। इन कबूतरों की संख्या करीब तीन सौ बताई जा रही है। क्षेत्र में बकरियां चराने वालों ने इन मृत कबूतरों को देखकर गांव में सूचना दी। जिस पर करीब तीन बजे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृत कबूतरों को देखकर उनके भी होश उड़ गए। बाद में वन विभाग को इस आशय की जानकारी दी गई।वन विभाग के अतिरिक्व वन संरक्षक नरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। जल्द ही मौके से मिले मृत पशुओं की मौत का कारण स्पष्ट होगा। जरूरत पडऩे पर मृत कबूतरों के सेम्पल जांच के लिए भेजे जाएंगे। बर्ड फ्लू की आशंका में सेम्पल लेने में सावधानी बरती जा रही है। फूड पॉइजनिंग से भी मौत हो सकती है।
सिर्फ कबूतर ही मृत क्यों?
यह पता लगाया जा रहा है कि इस क्षेत्र में अगर बर्ड फ्लू जैसी कोई बीमारी है या किसी पेयजल में गड़बड़ी है। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ कबूतर मरने की यह घटना चौंकाने वाली है।


