Gold Silver

6 दिन का बच्चा सरकारी अस्पताल से चोरी

डूंगरपुर। शहर में आज सुबह अस्पताल से 6 दिन का एक नवजात चोरी हो गया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। जांच में एक महिला सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को ले जाती नजर आ रही है। पुलिस ने बच्चा चुराने वाली महिला की तलाश शुरू कर दी है। घटना शहर के एमसीएच अस्पताल की है।
अस्पताल में 24 फरवरी को ज्योति मोची नाम की महिला ने बेटे को जन्म दिया। महिला की सामान्य डिलीवरी हुई थी। इसके बाद नवजात को पीलिया की शिकायत होने पर 26 तारीख को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया था। ज्योति इसी अस्पताल में पहले से भर्ती थी। बच्चा नीचे भर्ती था तो मां ऊपर के वार्ड में थी।
नवजात के पास ज्योति की सास और ताई अटेंडेंट के तौर पर मौजूद थी। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे सफाई के लिए वार्ड से सभी अटेंडेंट को बाहर निकाल दिया। इसके कारण दोनों अटेंडेंट सास और साई ऊपर ज्योति के पास चली गईं। इस बीच बच्चा रोने लगा तो अस्पताल के स्टाफ ने ज्योति के परिजनों को पुकारा। इस दौरान एक महिला खुद को ज्योति बताकर अंदर आई और बच्चा उठाकर ले गई।
ऐसे चोरी का पता चला
घटना के वक्त डॉक्टर राउंड पर था। बच्चे को गायब देखकर उन्होंने ज्योति को चेकअप के लिए लाने के लिए कहा। दोनों सास और ताई बच्चों के वार्ड पर पहुंची तो चोरी होने की जानकारी मिली। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें एक महिला बच्चे को ले जाती दिखी।
आरोपी महिला एक लड़के के साथ आई थी
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला के साथ एक 17 से 18 साल का लड़का भी नजर आ रहा है। जो बाहर ही खड़ा था। बच्चा लेकर बाहर आई महिला लड़के के साथ बाइक पर बैठकर रवाना हो गई।
15 बच्चों के बीच सीधे ज्योति के बच्चे को ही उठाया
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने पहले बच्चे की रैकी की होगी। क्योंकि ज्योति के अटेंडेंट को पुकारने के बाद अंदर आई आरोपी महिला सीधे ज्योति के बेटे के पास गई और उसे लेकर अस्पताल से बाहर चली गई। घटना के वक्त क्रिटिकल यूनिट में 15 बच्चे भर्ती थे, लेकिन उसने ज्योति के बच्चे को ही उठाया।
शहर में लगे सभी सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मामले में तुरंत एक्टिव हुई पुलिस शहर में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। गौरतलब है कि शहर में कुल 72 सीसीटीवी लगे हैं। सभी के जरिए महिला की पहचान की जा रही है। वहीं, एसपी भी मौके पर पहुंचे।
ज्योति का पति कुवैत में
परिवार ने बताया कि ज्योति का पति राकेश मोची कुवैत में जनरल स्टोर चलाते हैं। दोनों की शादी एक साल पहले ही 25 फरवरी 2020 में हुई थी। दोनों के पहला बेटा हुआ था। पति राकेश लॉकडाउन खुलने के बाद वापस कुवैत गया था। ज्योति का मायका डुंगरपुर में है। इसलिए उसकी यहां डिलिवरी हुई थी। वहीं, उसका ससुराल बांसवाड़ा में है।

Join Whatsapp 26