
क्रूजर और स्विफ्ट में भिड़ंत:मां-बेटी समेत तीन की मौत, 8 गंभीर






श्रीगंगानगर। जिले के 23 जीबी के पास बुधवार सुबह एक क्रूजर और स्विफ्ट कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 13 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 की हालत गंभीर है। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है। घटना 23 जीबी के रोह में विजयनगर गैस एजेंसी के पास की है। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल है। मृतकों में एक मां-बेटी भी शामिल हैं।
गमी में जा रहे थे क्रूजर सवार लोग
क्रूजर सवार लोग किसी गमी में शामिल होने जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर DSP विक्की नागपाल भी मौके पर पहुंचे। इनके साथ पुलिस की टीम भी मौजूद रही। फिलहाल अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है।
3 साल की बच्ची की हुई मौत
तीनों मृतकों में से मां-बेटी का नाम कोमलप्रीत (24) और हरलीन कौर (3) बताया जा रहा है। जो स्विफ्ट कार में सवार थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो 27ए से पंजाब में मानका के पास अपने गांव जा रहे थे। वहीं दूसरी महिला रज्जो (50) क्रूजर गाड़ी में सवार थी। जो गढ़साणा गमी में शामिल होने जा रहे थे। क्रूजर में कुल 12 लोग सवार थे।


