
एक पूर्व मंत्री की आज घर वापसी, फिर से बीजेपी का दामन थामेंगे





जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से बगावत कर खुद की पार्टी बनाकर विधानसभा चुनाव लडऩे और बाद में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले घनश्याम तिवाड़ी एक बार फिर से भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं। तिवाड़ी की आज भाजपा में घर वापसी हो रही है। इसकी पुष्ट स्वयं घनश्याम तिवाड़ी ने की है।
तिवाड़ी आज दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय में होने वाले सादा समारोह में पार्टी की सदस्य़ता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जैसे नेताओं की मौजूदगी में फिर से भाजपा में शामिल होंगे। तिवाड़ी के फिर से भाजपा ज्वाइन करने की खबरें कांग्रेस-भाजपा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कांग्रेस ज्वाइन करने के साथ ही अलग-थलग पड़े थे तिवाड़ी बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ज्वाइन करने वाले घनश्याम तिवाड़ी कांग्रेस में अलग-थलग पड़े थे। न तो वो कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में दिखाई देते थे और न ही किसी धरने-प्रदर्शनों में शिरकत करते नजर आते थे। हालांकि लोकसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया था, तिवाड़ी ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार भी किया था।
बड़े पद और राजनीतिक नियुक्ति की उम्मीद थी सूत्रों की माने तो अलग-अलग विचारधारा के बावजूद घनश्याम तिवाड़ी के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बेहद नजदीकी रिश्ते थे। कहा जाता है कि मुख्यमंत्री के कहने पर ही तिवाड़ी कांग्रेस में शामिल हुए थे, लेकिन इसके बाद न तो तिवाड़ी को संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी गई और न ही उन्हें राजनीतिक नियुक्तियों में कहीं एड़जस्ट किया गया। बताया जाता है कि कांग्रेस में अपनी उपेक्षा से नाराज होकर ही तिवाड़ी ने फिर से भाजपा का दामन थामने का फैसला लिया है।
संघ नेताओं की कोशिश से माने तो तिवाड़ी बताया जाता है कि कभी संघनिष्ठ रहे घनश्याम तिवाड़ी की फिर से भाजपा में एंट्री कराने में संघ से जुड़े नेताओं की अहम भूमिका रही है। संघ के कई नेता लगातार तिवाड़ी से संपर्क बनाए हुए थे और उन्हें भाजपा में लाने के प्रयास कर रहे थे।
रिणवा-गोयल की भी हो सकती है जल्द वापसी सूत्रों की माने तो घनश्य़ाम तिवाड़ी के साथ ही कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा और सुरेंद्र गोयल की भी जल्द भाजपा में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं। दोनों नेता भी कांग्रेस मे अपनी उपेक्षा से नाराज हैं। रिणवा और गोयल पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार में मंत्री रह चुके हैं।


