
मौसम विभग का अलर्ट : राजस्थान में इस बार पड़ेगी कड़ाके की ठंड, टूटेगा रिकॉर्ड!





नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड अपने रंग पर आने लगी है। तापमान में रोजाना हो रही गिरावट के साथ लोगों पर सर्दी का असर भी दिखाई देने लगा है। वहीं, चक्रवात निवार के गुजरने के साथ ही देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों के भीतर ही बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में कंपकंपी वाली ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से तेज बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है। इसका असर रविवार सुबह से शुरू हुई बर्फीली हवाओं के बाद से ही ही देखने को मिलने लगा है। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट पर गौर करें तो शनिवार को कश्मीर के गुलमर्ग समेत अन्य क्षेत्रों में तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। जिसने उत्तर भारत में ठंड बढ़ा दी।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में आ सकता है। इसी का असर है कि जल्द ही बर्फीली हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। आईएमडी ने उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश के बाद ठंड बढऩे की चेतावनी दी है। वैज्ञानिकों ने बताया कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ भागों में बारिश के बाद ठंड बढ़ सकती है। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह में रात को पारा शून्य से नीचे 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा, जिससे यहां कड़ाके की ठंड ने पूरे क्षेत्र को ठिठुरा दिया है। इधर, जम्मू-कश्मीर में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई है।


