
खुले में जलता कचरा सांसों में घोल रहा जहर





खुलासा न्यूज,बीकानेर। एक तरफ सरकार की ओर से स्वच्छ भारत अभियान व पॉलीथिन बंद जैसे अभियान जोर शोर से चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार महकमों की अनदेखी शहर की आबो हवा में जहर घोल रही है। शहर के करमीसर में एक तरफ खुले में कचरे का अंबार लगा है, तो दूसरी तरफ इसी कचरे में अज्ञात कारणों से बार बार लग रही आग व्यापक प्रदूषण का कारण बन रही है। डंपिंग यार्ड के स्थान पर न केवल सडक की उचित सुविधा है,न ही समुचित तारबंदी या चारदीवारी की हुई है। इसके चलते पशु इनमें घूमते नजर आ रहे हैं।
बनी हुई है अनहोनी की आशंका
खुले में जल रहे कचरे के कारण आस पास निवास कर रहे क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं यह आग कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यहां बेसहारा गोवंश भोजन की तलाश में घूमते देखा जा सकता है। यार्ड के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन भी जल जाने की आशंका बनी हुई है। पूरे शहर का कचरा इस प्रकार खुले में जलाए जाने से विभिन्न विषैली गैसों का जहरीला रिसाव किसी की भी जान लील सकता है।
एमआरएफ का नहीं हो रहा उपयोग
शहर में मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, जिसके तहत कचरे को वर्गीकृत करके निस्तारण किया जाता है, की भी अनुपालना नहीं हो रही। मौके पर कचरे की छंटाई के स्थान पर गाय घूमती नजर आई। जबकि इसका उपयोग करने में पालिका को किसी भी प्रकार की विशेष तकनीकी अथवा अन्य संसाधन की आवश्यकता नहीं होती। मात्र लापरवाही के चलते उपलब्ध संसाधनों का भी समुचित तरीके से उपयोग नहीं हो रहा है।


