
बीकानेर सहित कई जिलो में आंधी तो कहीं होगी बरसात





जयपुर। शुक्रवार की बादली रहे शनिचर छाए, ऐसा बोले भड्डरी यह बिन बरसे न जाए। कवि भड्डरी की यह कहावत शनिवार को शेखावाटी में मौसम के मिजाज पर सटीक बैठती हुई नजर आई। शुक्रवार रात से छाए आंशिक बादल और नम हवाएं चलने से शनिवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात को प्रदेश के शेखावाटी सहित कई इलाकों में झमाझम बादल बरसे। मौसम विभाग की माने तो मानसूनी हलचल बढने से अगले 48 घंटे में राजस्थान के मौसम में व्यापक बदलाव आएगा। जिसके चलते आगामी दिनों में झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले शेखावाटी के कई इलाकों में बीती रात बारिश होने से गर्मी से हल्की राहत मिली। हालांकि उमस अब भी बरकरार है। रविवार को भी हल्के बादल छाए हुए हैं। जिससे बरसात की उम्मीद बनी हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को फतेहपुर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पूर्वी जिलों में होगी बरसात
प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में अगले 24 घंटे में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना है। वहीं अगले 48 घंटे बाद प्रदेश के पूर्वोत्तर भागों में मानसूनी हलचल बढऩे और कुछ इलाकों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर और जालौर में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा हो सकती है। जबकि बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, जोधपुर और नागौर में मौसम शुष्क रहने और धूलभरी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

