[t4b-ticker]

इनफ्लुएंसर के भरोसे फेल हुआ ऊंट उत्सव, धरणीधर में नहीं जुटी भीड़

इनफ्लुएंसर के भरोसे फेल हुआ ऊंट उत्सव, धरणीधर में नहीं जुटी भीड़

बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज शुक्रवार को हो गया। पहले दिन की शुरुआत हेरिटेज वॉक के साथ हुई तो रात होते-होते ऊंट उत्सव धरणीधर मैदान तक पहुंच गया। ऊंट उत्सव को लेकर चर्चाओं का दौर भी दिन भर शहरी क्षेत्र से लेकर सोशल मीडिया पर छाया रहा। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह ऊंट उत्सव का धरणीधर मैदान में आयोजन रहा। साथ ही इस साल भी विदेशी सैलानियों की कम उपस्थिति ने सबका ध्यान अपनी और खींचा। उत्सव को देखकर यह कहीं से भी नहीं लगा कि यह उत्सव इंटरनेशनल लेवल का है। इतना ही नहीं स्थानीय कलाकारों को भी अनदेखा किया गया। प्रचार-प्रसार की कमी भी इस ऊंट उत्सव में सामने आई। उत्सव को देखकर कहीं भी यह नहीं लगा कि यह किसी प्लानिंग से किया गया है। बस पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से एक कोरम ही पूरा किया। जबकि एक समय था जब शहर में सबसे ज्यादा आने वाले पर्यटक स्थल जूनागढ़ पर एक बड़ा बैनर लगाया जाता था लेकिन इस बार वह भी कहीं नजर नहीं आया। शहर के कुछ हिस्सों में केवल होर्डिंग लगाकर इतिश्री की गई। अब दो दिन का उत्सव और बचा है इसमें देखना होगा कि पर्यटकों की संख्या कितनी होती है या फिर वहां भी यही स्थिति रह सकती है।

खाली दिखा धरणीधर मैदान
ऊंट उत्सव को शहरी क्षेत्र में ले जाया गया। इस दौरान एक दिन दोपहर बाद के कार्यक्रम धरणीधर मैदान में शिफ्ट किए गए। इतना ही नहीं हर साल आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी मैदान पर किया गया। लेकिन स्थिति यह थी की कुर्सियां खाली नजर आई। कुर्सियों को देखकर ऐसा लग रहा था मानो यह पर्यटकों का इंतजार कर रही है। खाली कुर्सियों की फोटो वीडियो भी दिन भर सोशल मीडिया पर वायरल होती रही

शोभायात्रा भी नही
हर साल ऊंट उत्सव की शुरुआत शोभायात्रा के साथ होती थी। लेकिन इस बार के ऊंट उत्सव में शोभा यात्रा को ही हटा दिया गया। सवाल यही उठता है की आखिर किस आधार पर इसको हटाया गया है। जबकि इसकी शुरुआत जूनागढ़ किले से करणी सिंह स्टेडियम तक होती थी।

इनफ्लुएंसर के भरोसे फेल हुआ उत्सव
ऊंट उत्सव के कुछ दिन पहले जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से इंफ्लुएंसर के साथ एक बैठक की गई थी। इनके माध्यम से ही ऊंट उत्सव का प्रचार प्रसार भी किया गया। लेकिन अब लोग कह रहे हैं कि उनके भरोसे तो यह उत्सव भी फ्लॉप हो गया।

Join Whatsapp