
अमेरिका की नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर एयरस्ट्राइक, ट्रम्प बोले— मारे गए आतंकियों को भी क्रिसमस की बधाई




अमेरिका की नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर एयरस्ट्राइक, ट्रम्प बोले— मारे गए आतंकियों को भी क्रिसमस की बधाई
खुलासा न्यूज़ | अमेरिका ने गुरुवार रात नाइजीरिया में आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों पर बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए एयरस्ट्राइक की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस ऑपरेशन की जानकारी दी। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि नाइजीरिया में ISIS लगातार ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से उनकी हत्या कर रहा है। ट्रम्प ने ISIS आतंकियों को “आतंकी कचरा” बताते हुए कहा कि यह संगठन लंबे समय से निर्दोष ईसाइयों की हत्या में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि इस सैन्य कार्रवाई में अमेरिकी सेना ने बेहद सटीक और परफेक्ट स्ट्राइक की हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ शब्दों में कहा कि अमेरिका “कट्टर इस्लामी आतंकवाद को पनपने नहीं देगा।” पोस्ट के अंत में ट्रम्प ने लिखा— सभी को क्रिसमस की बधाई, मारे गए आतंकियों को भी। अगर ईसाइयों की हत्याएं नहीं रुकीं, तो आगे और भी आतंकियों को मारा जाएगा।
ट्रम्प बोले— ऐसी कार्रवाई सिर्फ अमेरिका कर सकता है
ट्रम्प ने अमेरिकी रक्षा मंत्रालय को “डिपार्टमेंट ऑफ वॉर” बताते हुए सेना की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतनी सटीक और प्रभावी सैन्य कार्रवाई करने की क्षमता केवल अमेरिका के पास है। इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर सिविल लिबर्टीज एंड द रूल ऑफ लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, नाइजीरिया में जनवरी से 10 अगस्त के बीच धार्मिक हिंसा के चलते 7,000 से अधिक ईसाइयों की हत्या की गई है। इन घटनाओं के लिए बोको हरम और फुलानी जैसे आतंकी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों से किया गया हमला
अमेरिकी रक्षा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, यह हमला नौसेना के एक जहाज से दागी गई दर्जन से ज्यादा टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों के जरिए किया गया। गिनी की खाड़ी से दागी गईं ये मिसाइलें नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में ISIS के दो ठिकानों पर गिरीं। यह इलाका नाइजर सीमा के पास स्थित है, जहां ISIS-सहेल नाम का आतंकी गुट सक्रिय है।अमेरिकी अफ्रीका कमान (AFRICOM) ने शुरुआती जांच में कई ISIS आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है, हालांकि हमले के सटीक समय और नुकसान के आंकड़ों को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। अफ्रीका कमान के प्रमुख जनरल डैगविन एंडरसन ने कहा कि अमेरिका नाइजीरिया और क्षेत्रीय साझेदार देशों के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज कर रहा है, ताकि निर्दोष नागरिकों की जान बचाई जा सके।



